‘पंचायत’ फेम एक्टर को आया हार्ट अटैक, अस्पताल में कराए गए भर्ती, जानें अब कैसी है हालत

0 432

मुंबई: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में अपनी ‘दामाद जी’ की भूमिका के लिए मशहूर 34 वर्षीय अभिनेता आसिफ खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आसिफ खान को हाल ही में हार्ट अटैक आने के बाद मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में एडमिट कराया गया है। इस खबर ने उनके फैंस को हैरान कर दिया है। मंगलवार को, अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी सेहत का अपडेट शेयर किया और एक तस्वीर भी शेयर की, जो अस्पताल की लग रही है। इस पोस्ट में उन्होंने अपने फैंस को एक जरूरी नसीहत भी दी।

जिंदगी बहुत छोटी है- आसिफ खान
हार्ट अटैक के बाद आसिफ खान ने पहला पोस्ट शेयर किया, जिससे पता चलता है कि उन्हें 15 जुलाई को हार्ट अटैक आया था। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- ‘पिछले 36 घंटों में ये सब देखने के बाद एहसास हुआ कि जिंदगी बहुत छोटी है, इसे एक दिन की लिए भी हल्के में मत लीजिए। सबकुछ बस एक पल में बदल सकता है, आपके पास जो कुछ भी है और आप जो कुछ भी हैं उसके लिए आभारी बनिए। याद रखिए कि आपके लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण कौन हैं और उन्हें खुश रखिए। जिंदगी एक तोहफा है और हमे ये नसीब हुई, इसके लिए हम आभारी हैं।’

आसिफ खान का नया पोस्ट
आसिफ खान ने हाल ही में एक और पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी सेहत के बारे में जानकारी दी। पोस्ट में पंचायत फेम अभिनेता ने लिखा- ‘पिछले कुछ घंटों से मैं कुछ हेल्थ इश्यूज से जूझ रहा हूं, जिसके चलते मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं अब रिकवरी की ओर हूं और पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं। मैं आपके प्यार, चिंता और शुभकामनाओं के लिए सचमुच आभारी हूं। आपका समर्थन मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं बहुत जल्द वापस आऊंगा। तब तक, मुझे अपने विचारों में बनाए रखने के लिए धन्यवाद।’

इन फिल्मों और सीरीज से बनाई पहचान
आसिफ खान की आखिरी थिएटर रिलीज सिद्धांत सचदेव की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘द भूतनी’ थी, जिसमें उन्होंने नासिर का किरदार निभाया था। इस फिल्म में संजय दत्त, मौनी रॉय, सनी सिंह और पलक तिवारी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई दिए थे। आसिफ अपने अब तक के अभिनय करियर में कई टेलीविजन धारावाहिकों और फिल्मों में नजर आ चुके हैं, जिनमें ‘पाताल लोक’, ‘जामताड़ा: सबका नंबर आएगा’, ‘पगलैट’ और अन्य शामिल हैं। उनकी आने वाली फिल्मों की बात करें तो, वह आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना, परेश रावल, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, संजय दत्त और अन्य के साथ ‘थम्मा’ में नजर आएंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.