PM मोदी से सीधी बातचीत का मौका, 15 से 29 साल के युवा ऐसे कर सकते हैं आवेदन; जानें पूरी प्रक्रिया

0 27

गाजियाबाद: देश के विकास को लेकर अपने विचार और नए सुझाव साझा करने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत पोर्टल के जरिए इस कार्यक्रम का पहला चरण विकसित भारत क्विज के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

इस क्विज में 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी 30 सितंबर 2026 तक इसमें शामिल हो सकते हैं। चयन प्रक्रिया के जरिए प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी सोच और नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

क्विज से शुरू होगी राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की यात्रा

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में शामिल होने के लिए युवाओं को सबसे पहले विकसित भारत क्विज में हिस्सा लेना होगा। क्विज के बाद चयनित प्रतिभागियों को निबंध प्रतियोगिता समेत कई अन्य चरणों में भाग लेने का मौका मिलेगा।

इसके बाद जिला और राज्य स्तर पर होने वाली गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चुने गए युवा देश के सामने अपने विचार, प्रतिभा और नए सुझाव रखने का अवसर प्राप्त करेंगे।

सबसे खास बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद करने का मौका मिलेगा।

स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालयों के युवाओं को जोड़ने की तैयारी

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ऋषि कुमार ने बताया कि जिले में 15 से 29 वर्ष के अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके लिए मंगल दल, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलीटेक्निक संस्थानों के युवाओं से संपर्क किया जाएगा। उन्हें माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने और विकसित भारत क्विज में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

सोशल मीडिया के जरिए भी होगा प्रचार-प्रसार

कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों का सहारा लिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा पात्र युवा इस अभियान से जुड़ें और विकसित भारत के निर्माण से जुड़े अपने विचार राष्ट्रीय स्तर पर साझा कर सकें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.