PM to visit Haryana and Punjab today: पीएम मोदी आज हरियाणा और पंजाब के दौरे पर, होमी भाभा कैंसर अस्पताल को करेंगे राष्ट्र को समर्पित

0 508

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को हरियाणा के फरीदाबाद और पंजाब के मोहाली जिले के दौरे पर रहेंगे। वो पूर्वाह्न करीब 11 बजे ग्रेटर फरीदाबाद के 133 एकड़ भूमि परिसर में अमृता अस्पातल का उद्घाटन करेंगे। इसमें 2600 बिस्तर सहित अत्याधुनिक इलाज की सुविधाएं होंगी। प्रधानमंत्री मोहाली जिले के न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) की मेडिसिटी में बने होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन भी करेंगे। इस कैंसर अस्पताल का शिलान्यास दिसंबर 2013 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने किया था। यह अस्पताल न्यू चंडीगढ़ के मेडिसिटी में लगभग 50 एकड़ में 663.74 करोड़ रुपये की लागत से बना है। यह उत्तरी भारत के सबसे अत्याधुनिक सुविधाओं वाला कैंसर अस्पताल है। यहां मरीजों के लिए 300 बेड की सुविधा है।

फरीदाबाद में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। सुबह आठ बजे शहर की चार सड़कों सेक्टर-19 व 28 का डिवाइडिंग रोड, मास्टर रोड, आगरा नहर वाली सड़क और मंझावली खेड़ी रोड को बंद कर दिया गया है। यह सड़कें दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगी। अमृता अस्पताल के आसपास सुरक्षा का कड़ा घेरा है। उद्घाटन समारोह में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर आदि मौजूद रहेंगे।

पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री का सूबे का पहला दौरा है। प्रधानमंत्री मोहाली जिले के मुल्लांपुर में बने होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र का दोपहर करीब 2ः15 बजे उद्घाटन करेंगे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान इस मंच से तमाम मांगे प्रधानमंत्री के समक्ष रख सकते हैं। समारोह स्थल के दो किलोमीटर के दायरे को पूरी तरह सील कर दिया गया है। इस पूरे इलाके को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। पिछली बार हुई सुरक्षा चूक के चलते इस बार करीब सात हजार जवान तैनात किए गए हैं।

पुलिस के अलावा स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के अफसर सुरक्षा की निगरानी कर रहे हैं। एसपीजी की टीमें चाक चौबंद हैं।।अस्पताल के सामने तीन हेलीपेड बनाए गए हैं। आसपास के बिजली के खंभे हटा दिए गए हैं। फुटपाथ को तोड़कर सड़क बना दी गई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.