देश में बढ़ने वाली है भीषण गर्मी, राजस्थान से होगी शुरुआत; मौसम विभाग की चेतावनी- दोपहर में बाहर निकलने से बचें

0 47

देशभर में अब गर्मी अपने तेवर दिखाने को तैयार है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में तेज तापमान वृद्धि को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक उत्तर और मध्य भारत में पारा तेजी से चढ़ेगा, जिसकी सबसे पहले और सबसे ज्यादा मार राजस्थान पर पड़ेगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी गर्मी का असर तेज होता जाएगा।

6 से 8 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान, सामान्य से ऊपर रहेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं पूर्वी भारत में 5 से 7 डिग्री और मध्य भारत में 3 से 5 डिग्री तक वृद्धि की संभावना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है, जिससे हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं।

अगले एक हफ्ते में नहीं दिखेगा मौसम में बड़ा बदलाव
पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले एक सप्ताह तक कोई बड़ी मौसमी हलचल नहीं होगी। उत्तर-पश्चिम भारत में 10 से 16 अप्रैल के बीच तापमान लगातार बढ़ेगा। मध्य भारत में 14 अप्रैल तक पारा चढ़ेगा, जबकि 15 और 16 अप्रैल को स्थिति स्थिर रह सकती है। इसी तरह पूर्वी भारत में भी 14 अप्रैल तक तापमान बढ़ने के बाद स्थिरता की संभावना है।

इन राज्यों में भी बढ़ेगा तापमान
गुजरात में 13 अप्रैल तक तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि 14 से 16 अप्रैल के बीच कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। महाराष्ट्र में 14 अप्रैल तक 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है, इसके बाद तापमान स्थिर रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग की सलाह- हाइड्रेटेड रहें, धूप से बचें
तेज गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की अपील की गई है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान
इस बीच, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक अब तक 2.49 लाख हेक्टेयर में खड़ी रबी फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिसमें गेहूं की फसल सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। सरकार ने प्रभावित राज्यों में नुकसान का आकलन करने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

कुछ राज्यों में बारिश का भी अनुमान
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर प्रदेश, बांग्लादेश, असम व ओडिशा में चक्रवाती परिसंचरण के कारण 9 से 15 अप्रैल के बीच कुछ इलाकों में बारिश की संभावना भी जताई है। हालांकि, इसके बावजूद गर्मी का असर कम होने की उम्मीद नहीं है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.