UP में हर बुधवार ‘शक्ति दीदी’ आएंगी, समस्याओं का समाधान संग लाएंगी

0 275

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने की मुहिम शुरू की है। इसके तहत प्रत्येक बुधवार को दो महिला पुलिसकर्मियों (शक्ति दीदी) की टीम गांव और शहरों में महिलाओं को सरकार की महिला प्रधान योजनाओं के विषय में जानकारी देंगी और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करेंगी।

यही नहीं, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय करके वो उनकी समस्याओं का निदान भी कराने का प्रयास करेंगी। ग्राम और न्याय पंचायतों में भ्रमण के दौरान शक्ति दीदी के साथ ग्राम, न्याय पंचायत के लिए नियुक्त बीसी सखी, राजस्व लेखपाल, एएनएम, आशा वर्कर व अन्य भी मौजूद रहेंगी।

शहरी क्षेत्रों में भी मोहल्लावार इसी प्रकार से कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई संपन्न कराई जाएगी। सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि ग्राम, न्याय पंचायतों के साथ शहरी क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान मुख्य रूप से ‘शक्ति दीदी’ द्वारा अन्य सरकारी विभागों के कर्मियों से समन्वय कर 3 प्रमुख बिंदुओं पर ग्राम और न्याय पंचायत की महिलाओं के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा।

इनमें पहला बिंदु महिला सुरक्षा पर जागरूकता का प्रसार करना होगा, दूसरा बिंदु विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना होगा। वहीं, तीसरा बिंदु महिला हिंसा से संबंधित तथा अन्य शिकायतों के निवारण के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर व फोरम के संबंध में जानकारी प्रदान करना होगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.