दांत दर्द की वजह से रातों की नींद उड़ जाती है, ऐसे में इन घरेलू नुस्खों की मदद से पाएं आराम..

0 108

दर्द चाहे जैसा भी हो, इससे परेशान व्यक्ति ही सिर्फ इसकी पीड़ा जान सकता है। वहीं, अगर बात करें दांतों में होने वाले दर्द की तो यह कई बार काफी असहनीय हो जाता है। दांत में दर्द एक आम समस्या है, जो किसी भी वजह से हो सकती है। मसूड़ों में सूजन, दांतों में कमजोरी और सड़न जैसी कई वजहों से आपके दांतों में दर्द हो सकता है। इस दर्द की वजह से न सिर्फ आपको खाने में परेशानी होती है, बल्कि आपका बोलना, सोना सब कुछ प्रभावित हो सकता है। ठंड में अक्सर कई लोगों को दांत दर्द की समस्या बनी रहती है। ऐसे में कुछ घरेलू नुस्खे अपनाकर आप इसमें राहत पा सकते हैं। तो चलिए जानते हैं दांतों के दर्द से आराम दिलाने वाले कुछ घरेलू उपायों के बारे में-

सेंधा नमक
अक्सर व्रत-उपवास में इस्तेमाल किया जाने वाला सेंधा नमक हमारी सेहत के लिए कई मायनों में फायदेमंद होता है। दांत के दर्द में भी यह काफी हद तक राहत पहुंचाता है। अगर आप दांत के दर्द से परेशान हैं, तो गुनगुने पानी में सेंधा नमक मिलाकर इससे कुल्ला करने से आपको फायदा मिलेगा। ऐसा करने से मुंह के बैक्टीरिया मर जाएंगे, जिससे दर्द में आराम मिलेगा।

हींग और नींबू
पाचन तंत्र के लिए रामबाण इलाज हींग दांत के दर्द में भी काफी सहायक है। दो चुटकी हींग और एक चम्मच नींबू का पेस्ट बनाकर रुई की मदद से दर्द वाली जगह पर लगाने से राहत मिलेगी। दांत दर्द में हींग और नींबू काफी फायदेमंद माना जाता है, जिसके इस्तेमाल से तुरंत राहत मिलती है।

प्याज से मिलेगा आराम
दांत के दर्द और सूजन के लिए प्याज का इस्तेमाल भी काफी लाभकारी होता है। प्याज में पाए जाने वाले एंटी इंफ्लेमेटरी और रोगाणुरोधी गुण दांतों के बैक्टीरिया को मार कर दर्द में आराम दिलाते हैं। कच्चे प्याज का टुकड़ा दांतो के बीच में रखकर चबाने से दर्द में निजात मिलेगी।

लौंग का तेल
औषधीय गुणों के लिए मशहूर लौंग दांतों के दर्द में काफी प्रभावशाली मानी जाती है। दांतों में दर्द या मसूड़ों में सूजन से छुटकारा पाने के लिए लौंग का तेल रुई में डुबाकर लगाने से आराम मिलेगा। इसमें मौजूद एंटी-फंगल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण बैक्टीरिया को दूर करने में मददगार होते हैं।

लहसुन
सेहत को कई फायदे पहुंचाने वाले लहसुन की मदद से भी आप दांत दर्द से छुटकारा पा सकते हैं। लहसुन में मौजूद एंटी-बायोटिक गुण दांत के दर्द में काफी कारगर होता है। ऐसे में लहसुन को पीसकर इसमें थोड़ा सा नमक मिलाकर लगाने से दर्द से राहत मिलेगी।

अमरूद के पत्ते
अमरूद का सेवन सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसके पत्ते भी काफी गुणकारी है। अगर आप दांत दर्द की समस्या से परेशान हैं, तो अमरूद के पत्तों को पानी उबालकर इसका कुल्ला करने से दर्द में आराम मिलेगा और मुंह की दुर्गंध भी दूर होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.