UP में स्मार्ट प्रीपेड मीटर अलर्ट: 15 फरवरी के बाद बिना रिचार्ज कटेगा बिजली कनेक्शन, UPPCL एप डाउनलोड अनिवार्य

0 103

अयोध्या। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी चेतावनी जारी की गई है। जिन घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लग चुके हैं और वे सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं, यदि उनका समय पर रिचार्ज नहीं कराया गया तो 15 फरवरी के बाद बिजली कनेक्शन स्वतः काट दिया जाएगा। बिजली विभाग ने साफ कर दिया है कि अब किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

7 फरवरी तक जागरूकता अभियान, उसके बाद मिलेगा सीमित समय
विद्युत निगम फिलहाल निगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं को रिचार्ज के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चला रहा है, जो 7 फरवरी तक जारी रहेगा। इसके बाद उपभोक्ताओं को लगभग एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। तय अवधि के भीतर यदि मीटर रिचार्ज नहीं कराया गया, तो बिना किसी पूर्व सूचना के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

प्रदेशभर में तेजी से लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटर
प्रदेश सरकार के निर्देश पर सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के परिसरों में पुराने इलेक्ट्रॉनिक मीटर हटाकर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। अयोध्या जोन के पांच जिलों में अब तक करीब 2 लाख 20 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। कार्यदायी एजेंसी पोलारिस मीटरिंग के माध्यम से यह अभियान अभी भी लगातार जारी है।

जानकारी के अभाव में रिचार्ज नहीं करा रहे उपभोक्ता
विद्युत निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता स्मार्ट प्रीपेड मीटर की कार्यप्रणाली को लेकर भ्रम में हैं। विभाग का मानना है कि पोस्टपेड मीटर की पुरानी आदत के कारण कई उपभोक्ता रिचार्ज नहीं करा रहे हैं, जिससे मीटर निगेटिव बैलेंस में चले जा रहे हैं।

अयोध्या जोन में 86% मीटर निगेटिव बैलेंस में
पूरे अयोध्या जोन में 1 लाख 67 हजार 680 स्मार्ट प्रीपेड मीटर निगेटिव बैलेंस में पाए गए हैं, जो कुल लगाए गए मीटरों का करीब 86 प्रतिशत है। इन उपभोक्ताओं पर लगभग 44 करोड़ 60 लाख रुपये का बकाया है। यह स्थिति सिर्फ अयोध्या या मध्यांचल विद्युत वितरण निगम तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए हैं।

MD के निर्देश पर डिस्कॉम और जोन में अलर्ट
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश विद्युत निगम लिमिटेड (UPPCL) के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने सभी डिस्कॉम और जोन को पत्र जारी कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

UPPCL स्मार्ट एप डाउनलोड करने पर जोर
अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण, अयोध्या विनय कुमार ने बताया कि अभियान के तहत उपभोक्ताओं को स्मार्ट प्रीपेड मीटर रिचार्ज कराने के साथ-साथ UPPCL स्मार्ट एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस एप के जरिए उपभोक्ता अपने मीटर की स्थिति, बैलेंस और बिजली खपत से जुड़ी सटीक जानकारी रियल टाइम में देख सकेंगे।

अब मौका है, आगे सख्ती तय
एसई विनय कुमार ने स्पष्ट कहा कि फिलहाल उपभोक्ताओं को रिचार्ज का अवसर दिया जा रहा है, लेकिन मुख्यालय की गाइडलाइन के अनुसार आगे कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए समय रहते मीटर रिचार्ज करा लें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.