कर्नाटक CM पर सस्पेंस! पार्टी हाईकमान से मुलाकात करने डीके शिवकुमार दिल्ली रवाना, बोले- मैं कभी ब्लैकमेल नहीं करूंगा

0 324

बंगलुरु: कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। दिल्ली में वो आलाकमान के साथ मुख्यमंत्री पद को लेकर अहम बैठक करेंगे। शिवकुमार के दफ्तर के अनुसार, वह सुबह 9.50 बजे की फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। मीडिया से बातचीत के दौरान बेंगलुरु एयरपोर्ट पर शिवकुमार ने कहा कि उनकी पार्टी एकजुट है और वह न तो पीठ पर वार करेंगे और न ही किसी तरह का ब्लैकमेल करेंगे। वह कर्नाटक के सीएम पद पर फैसला करने के लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।

कर्नाटक कांग्रेस के दो दिग्गज नेता सिद्दारमैया और शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं। सूत्रों ने पुष्टि की है कि सिद्दारमैया के साथ ज्यादा विधायक हैं, लेकिन शिवकुमार भी मानने को तैयार नहीं हैं। वह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने पार्टी को जीत दिलाई है, इसलिए उन्हें सीएम बनना चाहिए। इससे पहले सिद्दारमैया अपने समर्थकों के साथ सोमवार दोपहर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे और शिवकुमार के आने का इंतजार कर रहे हैं।

सूत्रों ने यह भी बताया कि आलाकमान ने सुझाव दिया है कि दोनों नेता ढाई-ढाई साल के लिए सत्ता साझा करें। शिवकुमार ने तर्क दिया कि पहले कार्यकाल के लिए बनाए गए मुख्यमंत्री ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में दूसरे को मौका देने के लिए पद खाली नहीं किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह पहले कार्यकाल पर जोर दे रहे हैं। इस बीच मामले का जल्द समाधान नहीं होने की स्थिति में वरिष्ठ शीर्ष नेता अगले कदम को लेकर बैठकें कर रहे हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.