शादी के दिन दुल्हन का हुआ दर्दनाक एक्सीडेंट, ICU में जिंदगी से जंग लड़ रही थी दुल्हन… दूल्हा पंडित संग अस्पताल पहुंचा और मांग में भर दिया सिंदूर

0 78

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से प्यार, भरोसे और रिश्ते की मिसाल पेश करने वाली एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी के दिन एलएलबी की परीक्षा देकर लौट रही दुल्हन सड़क हादसे का शिकार हो गई और गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करनी पड़ी। लेकिन हालात चाहे जैसे भी रहे हों, दूल्हे ने अपने वादे से पीछे हटने के बजाय अस्पताल पहुंचकर दुल्हन की मांग में सिंदूर भर दिया। इस अनोखी शादी को देखकर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर, नर्स, स्टाफ और परिजन भी भावुक हो गए।

बताया जा रहा है कि बांसगांव क्षेत्र के हटवार गांव निवासी पूजा यादव की शादी महादेवा बाजार के महुआ निवासी सन्नी यादव से तय हुई थी। दोनों की शादी की तारीख 13 मई 2026 निकली थी। संयोग से उसी दिन पूजा का एलएलबी अंतिम सेमेस्टर का पेपर भी था। बुधवार सुबह पूजा अपने भाई के साथ खलीलाबाद स्थित कॉलेज परीक्षा देने गई थी, जबकि घर पर शादी की तैयारियां चल रही थीं।

पेपर देकर लौटते समय हुआ हादसा

परीक्षा समाप्त होने के बाद पूजा अपने भाई के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे रास्ते में अचानक उसे चक्कर आ गया और वह चलती बाइक से नीचे सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद भाई ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और घायल पूजा को अस्पताल पहुंचाया।

गोरखपुर के दाउदपुर स्थित आर्यन हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने जांच के बाद पूजा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल आईसीयू में भर्ती कर लिया। दुल्हन की हालत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। शादी वाले घर में खुशियों की जगह चीख-पुकार और मातम जैसा माहौल बन गया।

बारात लेकर गांव पहुंचा दूल्हा, फिर सीधे अस्पताल पहुंच गया

उधर, तय कार्यक्रम के अनुसार शाम को सन्नी यादव बारात लेकर दुल्हन के गांव हटवार पहुंचा। यहां द्वारपूजा समेत शुरुआती रस्में पूरी की गईं। इसके बाद रात करीब एक बजे दूल्हा अपने करीबी रिश्तेदारों और पंडित को साथ लेकर अस्पताल पहुंच गया।

आईसीयू में अस्पताल के कपड़ों में बेहोश हालत में बेड पर लेटी पूजा के पास बैठकर सन्नी ने उसकी मांग में सिंदूर भरा। इस दौरान पंडित ने मंत्रोच्चार कराया और दोनों को सात वचनों की रस्म भी पूरी कराई गई। अस्पताल में मौजूद हर व्यक्ति इस भावुक पल का गवाह बना रहा।

दुल्हन के भाई ने जताया आभार

दुल्हन के भाई सर्वेश यादव ने बताया कि पूजा एलएलबी का पेपर देने गई थी और लौटते समय हादसे का शिकार हो गई। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में अक्सर लोग रिश्ते तोड़ देते हैं, लेकिन दूल्हे और उसके परिवार ने मुश्किल समय में साथ निभाकर इंसानियत और रिश्ते की मिसाल पेश की है। परिवार ने दूल्हे पक्ष के प्रति आभार भी जताया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.