किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए 17 जून को लगेगा किसान दिवस, विकास भवन में जुटेंगे कई विभागों के अधिकारी

0 20

गौतमबुद्धनगर: जिले के किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 17 जून को किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम विकास भवन स्थित सभागार कक्ष में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा, जिसमें कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी किसानों से सीधा संवाद करेंगे।

उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को किसान दिवस आयोजित किया जाता है, ताकि किसानों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। इसी क्रम में जून माह का किसान दिवस 17 जून को आयोजित किया जा रहा है।

कई विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद

किसान दिवस में सिंचाई, ऊर्जा और कृषि उत्पादन शाखा से जुड़े विभागों के अधिकारियों के अलावा कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन और दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

किसानों की शिकायतें सुनकर किया जाएगा समाधान

कार्यक्रम के दौरान किसानों की समस्याओं को सुना जाएगा और उनका यथासंभव समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, अनुदान कार्यक्रमों और किसान हित से जुड़ी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।

नई तकनीकों और कृषि नवाचारों की भी मिलेगी जानकारी

किसानों को आधुनिक खेती, फसल प्रबंधन, उन्नत बीजों, कृषि नवाचारों और नई तकनीकों से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे खेती को अधिक लाभकारी बना सकें।

उप कृषि निदेशक ने जिले के सभी किसान भाइयों और किसान प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसान दिवस में भाग लेकर अपनी समस्याएं रखें और कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाएं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.