आज का मौसम: यूपी-बिहार से कश्मीर तक भारी बारिश का रेड अलर्ट, कई राज्यों में तेज हवाओं और भूस्खलन की चेतावनी

0 20

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर, पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में 7 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर और असम में लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है, जबकि कई राज्यों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

16 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, सिक्किम, मणिपुर और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही अधिकांश क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों के संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 अगस्त तक बारिश के आसार

आईएमडी के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 से 8 अगस्त तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 3 अगस्त को लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, गोंडा, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, देवरिया, बलिया, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, अयोध्या और बस्ती समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश का प्रभाव देखने को मिल सकता है।

बिहार में भी कई दिनों तक बरसेंगे बादल

बिहार में 3 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश जिलों में 3 से 5 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 3 अगस्त को हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 4 से 7 अगस्त के बीच मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहने से उमस में भी कमी आ सकती है।

हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में विशेष सतर्कता

हिमाचल प्रदेश में 3 से 8 अगस्त तक चंबा, हमीरपुर, किन्नौर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, शिमला और सोलन सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के बागेश्वर, चमोली, देहरादून, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भी तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।

जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक भारी वर्षा की संभावना जताई है। अनंतनाग, कुलगाम और बारामूला सहित कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी बारिश का दौर

पंजाब और हरियाणा में 3 और 4 अगस्त को व्यापक बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 5 और 6 अगस्त को भी कई स्थानों पर वर्षा जारी रह सकती है। 8 अगस्त को हल्की बारिश का अनुमान है। वहीं राजस्थान में 3 से 8 अगस्त तक अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.