UP में एक और बड़ा चुनाव: 11 MLC सीटों पर BJP बनाम SP की सीधी टक्कर, 23 अक्टूबर को वोटिंग; जानें किस सीट पर कौन दावेदार
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य में सियासी हलचल बढ़ गई है। राज्यसभा की 10 सीटों के साथ विधान परिषद की 11 सीटों पर भी चुनाव होने जा रहा है। एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी सभी 11 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है, जबकि भाजपा ने अभी पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। बाकी छह सीटों पर पार्टी के भीतर दावेदारों को लेकर मंथन चल रहा है।
विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इन सीटों में पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
29 सितंबर से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया
विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। उम्मीदवार छह अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख नौ अक्टूबर निर्धारित की गई है।
23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा और 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। इन सीटों पर निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को पूरा हो रहा है।
इन 11 एमएलसी का खत्म हो रहा कार्यकाल
जिन 11 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है, उनमें लखनऊ खंड स्नातक से अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, आगरा से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, मेरठ से दिनेश कुमार गोयल और इलाहाबाद-झांसी से डॉ. मान सिंह यादव शामिल हैं।
इसके अलावा उमेश द्विवेदी, लाल बिहारी यादव, डॉ. आकाश अग्रवाल, श्रीचंद शर्मा, हरि सिंह ढिल्लों और ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल भी पूरा होने वाला है।
छह सीटों पर भाजपा को तय करने हैं उम्मीदवार
भाजपा ने पांच सीटों पर मई में ही प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए थे। अब छह सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए जाने बाकी हैं। पार्टी के भीतर इन सीटों को लेकर कोर कमेटी समेत कई स्तरों पर मंथन हो चुका है।
भाजपा को गोरखपुर शिक्षक, इलाहाबाद स्नातक, वाराणसी शिक्षक, वाराणसी स्नातक, आगरा शिक्षक और मेरठ स्नातक सीटों पर प्रत्याशी घोषित करने हैं।
ध्रुव और सुरेश त्रिपाठी के नाम चर्चा में
गोरखपुर शिक्षक सीट से शर्मा गुट के पूर्व एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, प्रयागराज स्नातक सीट से माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश त्रिपाठी का नाम भी चर्चा में है।
सुरेश त्रिपाठी ने हाल ही में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। इसके बाद उनके भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हुई है।
आगरा सीट पर आकाश अग्रवाल समेत कई दावेदार
आगरा स्नातक सीट पर पिछले चुनाव में निर्दलीय जीत हासिल करने वाले आकाश अग्रवाल भाजपा के टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। कर्मचारी नेता हरिकिशोर तिवारी का नाम भी इस सीट के प्रमुख दावेदारों में शामिल है।
इसके अलावा एटा के राहुल गुप्ता भी भाजपा से टिकट की उम्मीद लगाए हुए हैं। ऐसे में आगरा सीट पर पार्टी के सामने कई नामों में से उम्मीदवार तय करने की चुनौती है।
भाजपा ने पांच सीटों पर दोहराए पुराने चेहरे
भाजपा ने जिन पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, वहां पार्टी ने मौजूदा एमएलसी पर ही भरोसा जताया है। लखनऊ-सीतापुर स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह, लखनऊ-सीतापुर शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी, बरेली-मुरादाबाद से हरि सिंह ढिल्लों, आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेंद्र सिंह और मेरठ-सहारनपुर सीट से श्रीचंद शर्मा को दोबारा मैदान में उतारा गया है।
तीन जिलों को छोड़कर पूरे यूपी में आचार संहिता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में कानपुर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर बाकी सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता के संबंधित प्रावधान लागू हो गए हैं।
आचार संहिता भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 26 दिसंबर 2016 को जारी प्रावधानों के अनुसार प्रभावी रहेगी।