UP International Trade Show 2026: छात्रों के लिए क्विज से लेकर करियर काउंसलिंग तक, 25 सितंबर से शुरू होगा ट्रेड शो
गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे संस्करण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले ट्रेड शो में अधिक से अधिक विद्यार्थियों और आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को एनआईसी सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
छात्रों के लिए क्विज और बैटल ऑफ द बैंड्स प्रतियोगिता
जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से कहा कि जनपद के अधिक से अधिक स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को ट्रेड शो में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए। विद्यार्थियों के लिए क्विज और ‘बैटल ऑफ द बैंड्स’ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा उन्हें अलग-अलग टास्क भी दिए जाएंगे।
इन टास्क को पूरा करने वाले विद्यार्थियों को ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट प्रदान किए जाएंगे। विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए विशेष करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित होंगे और अलग-अलग करियर विकल्पों से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसरों को समझने का मिलेगा मौका
जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रेड शो विद्यार्थियों के लिए उद्योग, व्यापार, नई तकनीक, रोजगार और करियर से जुड़े विभिन्न अवसरों को समझने का महत्वपूर्ण मंच होगा। यहां उन्हें अपने ज्ञान और कौशल का विस्तार करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी भी मिलेगी।
क्राफ्ट, कल्चर और कुजीन को मिलेगा व्यापक मंच
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के जरिए उत्तर प्रदेश की क्राफ्ट, कल्चर और कुजीन को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के उत्पादों को एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किया जाएगा। स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों की ब्रांडिंग के साथ उद्यमियों और खरीदारों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के तहत जिलों के विशिष्ट उत्पादों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
उत्तर प्रदेश की कला और संस्कृति से रूबरू होंगे आगंतुक
ट्रेड शो में आने वाले लोगों को उत्तर प्रदेश की विरासत, परंपराओं और खान-पान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। आयोजन के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध कला और संस्कृति को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने, उद्यमियों को सशक्त बनाने और एमएसएमई तथा स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने पर जोर रहेगा।
स्कूल-कॉलेजों के साथ समन्वय के लिए नोडल अधिकारी होंगे नामित
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्कूल-कॉलेजों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के आवागमन और ट्रेड शो में भाग लेने के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया।
इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे और संबंधित स्कूल-कॉलेजों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों और विभिन्न संगठनों को भी आमंत्रित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने ट्रेड शो के विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, वीवीआईपी, वीआईपी, आरडब्ल्यूए, विभिन्न एसोसिएशनों, उद्यमियों और अन्य महत्वपूर्ण हितधारकों को समय से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलावासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों, उद्यमियों और विभिन्न संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में ट्रेड शो में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आयोजन के जरिए लोग उत्तर प्रदेश के हुनर, उत्पादों, संस्कृति और उद्योग जगत से जुड़ने के साथ उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अरूण कुमार, पूर्वा शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार, संबंधित अधिकारी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।