UP Weather: यूपी में आज हल्की बारिश के आसार, उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत; मानसून की विदाई की तैयारी शुरू

0 28

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बुधवार को हल्की बारिश या बौछार पड़ने के आसार हैं। मंगलवार को प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में अचानक बदले मौसम के बाद कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। इसी बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की यूपी से विदाई का समय भी करीब आ गया है।

दक्षिणी यूपी में अचानक बरसे बादल

मंगलवार को मध्य प्रदेश की ओर से आए बादल अचानक उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में दाखिल हुए और कई इलाकों में जमकर बरसे। धीरे-धीरे बादलों ने प्रदेश के अन्य हिस्सों को भी घेर लिया। पिछले नौ दिनों से नो रेन अलर्ट के बीच मंगलवार शाम पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी करना पड़ा।

करीब एक घंटे तक कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान करीब 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद लोगों को उमस से कुछ राहत मिली।

आज भी छितरी बारिश के आसार

बारिश नहीं होने के कारण मंगलवार को दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश में छितरे बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या सिर्फ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।

अब मानसून की विदाई का समय करीब

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया भी अब शुरू होने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राजस्थान से मानसून की वापसी 19 सितंबर से शुरू होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई 24 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच संभावित बताई गई है।

हालांकि, मानसून की वापसी से पहले प्रदेश में छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है। लौटते मानसून के दौरान भी बारिश होती है, लेकिन इस बार इसके अधिक सक्रिय रहने की संभावना कम बताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र

उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। जहां बादलों के साथ कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, वहां बेहद हल्की बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, मानसून की वापसी का समय करीब आ गया है।

इस बीच 23 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मानसून की वापसी की शुरुआत प्रदेश के पश्चिमी हिस्से से होने की संभावना जताई जा रही है। आईएमडी मानसून की औपचारिक वापसी की घोषणा लंबे समय तक बारिश न होने और नमी के प्रतिशत समेत कई मानकों के आधार पर करता है।

2025 में 17 सितंबर से शुरू हुई थी वापसी

पिछले साल यानी 2025 में पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी 17 सितंबर से शुरू हुई थी। उत्तर प्रदेश से इसकी वापसी 24 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच हुई थी। 2026 में राजस्थान से 19 सितंबर से और उत्तर प्रदेश से 23 से 26 सितंबर के बीच मानसून की वापसी की संभावना जताई जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.