ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में हिंसक झड़प, डिलीवरी बॉय और सिक्योरिटी गार्डों के बीच लात-डंडे चले

0 6,122

ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित निम्बस सोसाइटी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डिलीवरी बॉय और सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्डों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोसाइटी के मुख्य गेट पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें लात-घूंसे और लाठी-डंडे चलते नजर आए। इस हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दर्जनों लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिख रहे हैं।

छोटी सी गलती से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, एक डिलीवरी बॉय सोसाइटी में डिलीवरी देने पहुंचा था। आरोप है कि उसने गलती से किसी दूसरे फ्लैट की घंटी बजा दी, जिससे रेजिडेंट नाराज हो गया। इस बात की शिकायत सिक्योरिटी गार्ड से की गई। इसके बाद गार्ड और डिलीवरी बॉय के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई।

साथियों को बुलाने के बाद बढ़ा हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर डिलीवरी बॉय ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा और उग्र हो गया। सोसाइटी के मेन गेट पर लात-घूंसे और डंडे चलने लगे, जिससे वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मारपीट का वीडियो
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे हंगामे का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दर्जनों लोग आपस में भिड़े हुए हैं और हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए थे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बीटा-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि सभी दोषियों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.