वक्फ संपत्तियों का संरक्षण किया जाए और उन्हें उपयोगी बनाया जाए: धर्मपाल सिंह

प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम की परियोजनाओं का कार्य गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध रूप से सम्पन्न कराया जाए

0 584

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण वक्फ व हज विभाग के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में आज यहां विधान सभा के मुख्य भवन स्थित उनके कार्यालय कक्ष में उत्तर प्रदेश वक्फ विकास निगम लि0 लखनऊ के निदेशक मण्डल की 56वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मंत्री जी ने वक्फ संपत्तियों के संरक्षण एवं उपयोगी बनाये जाने के निर्देश दिए और कहा कि प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत परियोजनाओं का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए।

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि वक्फ संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और वक्फ संपत्तियों को बेहतर तरीके से उपयोग में लाया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के अवशेष कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए और कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार्य नहीं की जायेगी। परियोजना में मितव्यिता का भी ध्यान रखा जाए और धन का अपव्यय किसी भी दशा में न होने पाये। कार्यों को ससमय विधिवत पूरा किया जाए। वक्फ संपत्तियों का उपयोग जनहित में किया जाना आवश्यक है।

बैठक में मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत विभागीय कार्यदायी संस्था के रूप में निगम को आवंटित विभिन्न परियोजनाओं की कुल निर्माण लागत रु0 15898.35 लाख के सापेक्ष अवमुक्त धनराशि रु0 5425.184 लाख का उपभोग कर लिये जाने के उपरान्त शेष धनराशि को यथाशीघ्र निर्गत किये जाने के निर्देश दिए गये। मंत्री जी ने कहा कि वक्फ विकास निगम के सदस्य कमेटी बनाकर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें ताकि गुणवत्ता से समझौता न हो और कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी पाये जाने पर उसे यथासमय सुधार किया जा सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.