Barabanki News: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ का किया औचक निरीक्षण

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर गंदगी एवं अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की

0 616

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक प्रदेश में आमजन को मिल रही चिकित्सकीय सेवाओं को परखने के लिए लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश को स्वस्थ प्रदेश बनाने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु आज उपमुख्यमंत्री सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ जनपद बाराबंकी में औचक निरीक्षण पर पहुंचे। वहां उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जन स्वस्थ सुविधाओं की गुणवत्ता एवं चिकित्सा कर्मियों की कार्यशैली व व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। स्वास्थ्य केंद्र पर गंदगी एवं अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की।

उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में घास को देखकर उन्हें कटाई कराने के निर्देश दिया उन्होंने ओटी में निरीक्षण के दौरान गंदगी एवं खिड़कियों के शीशे टूटे हुए पाया, जिस पर ओटी के साफ-सफाई एवं शीशे ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में स्टोर, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने कहा कि अपरिहार्य न होने पर बाहर की दवाएं न लिखी जाएं। अस्पताल में जो भी मरीज आए उनकी हर संभव मदद की जाए, जिससे कोई भी मरीज निराश वापस ना जाए।

उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में उपस्थित मरीजों से भी उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और संबंधित को उनकी समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ की उपस्थिति पंजिका का भी निरीक्षण किया। अधीक्षक के मौजूद न होने का कारण पूछे जाने पर उन्हें जानकारी दी गई कि अधीक्षक ट्रेनिंग पर गए हुए हैं, इस पर उन्होंने दूरभाष पर सीएमओ बाराबंकी से वार्ता कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर साफ सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक से भी दूरभाष पर वार्ता की और परिसर में गंदगी एवं अव्यवस्था के संबंध में पूछा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.