9 अगस्त को मौसम का कहर! यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट

0 21

नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम तक कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। रविवार 9 अगस्त को उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट है। पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है।

यूपी से राजस्थान तक भारी बारिश की चेतावनी

9 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान में बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी है, जबकि उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

पश्चिमी राजस्थान में 9 अगस्त को आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। विदर्भ के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

पूर्वी भारत में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट

पूर्वी भारत के ज्यादातर राज्यों में रविवार को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड और बिहार में भी भारी बारिश का अनुमान है, जबकि ओडिशा में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार के गंगा के मैदानी इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

असम-मेघालय में बहुत भारी बारिश, कई राज्यों में आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, 9 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात में भी भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी है। सौराष्ट्र और कच्छ के इलाकों में भी रविवार को बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में भी बारिश और तेज हवाओं का असर

मॉनसून के सक्रिय रहने के कारण दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बारिश का अलर्ट है।

तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में तेज हवाएं चल सकती हैं। केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.