Weather Update: उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी, लोगों का घर से निकलना मुश्किल, जानिए कब मिलेगी राहत

0 239

Weather Update: पाकिस्तान की ओर से चल रही शुष्क और गर्म पश्चिमी हवाओं के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में गुरुवार तक लू चलने की संभावना है। लू से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि 11 और 12 जून को भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है, क्योंकि तब हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. उत्तर प्रदेश में बांदा और फतेहगढ़ देश में सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान क्रमश: 46.8 डिग्री सेल्सियस और 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा अधिकतम 46.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि मध्य प्रदेश के खजुराहो और नौगांव में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी के मुताबिक, गुरुवार तक पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, विदर्भ और उत्तरी झारखंड में लू चलने की भविष्यवाणी की है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 29 मई को केरल पहुंचा था और मंगलवार से इसके गति और आगे बढ़ने की उम्मीद है।

दिल्ली में दर्ज किया गया 47 डिग्री तापमान
बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिली और सोमवार को कई इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा. मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते सप्ताहांत में इस गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. रविवार और शनिवार को अधिकतम तापमान क्रमश: 43.9 डिग्री सेल्सियस और 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है और राष्ट्रीय राजधानी में सबसे गर्म स्थान बना रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग मौसम की चेतावनी के लिए विभिन्न स्तरों पर चार रंग चेतावनी जारी करता है। इनमें हरा, पीला, नारंगी और लाल शामिल हैं। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (जलवायु परिवर्तन और मौसम विज्ञान) महेश पलावत ने गर्मी की लहर को मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की कमी और लगातार गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया। एक अनुमान के मुताबिक शुक्रवार तक राजधानी में अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

अगले 24 घंटों में इन जगहों पर होगी बारिश
अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वोत्तर भारत, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, दक्षिण कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार के पूर्वी हिस्सों, तमिलनाडु, रायलसीमा, केरल, दक्षिण कोंकण और गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा आंतरिक ओडिशा, मराठवाड़ा और जम्मू-कश्मीर में भी हल्की बारिश संभव है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.