योगी सरकार ने ओपी राजभर को दी Y कैटेगरी सिक्योरिटी

0 522

लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने Y श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। इसे सियासी पंडित राष्ट्रपति चुनाव में NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने के इनाम के रूप में देख रहे हैं। राजभर इन दिनों समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर लगातार तंज कसने के लिए भी चर्चाओं में हैं।

योगी सरकार ने ओमप्रकाश राजभर को सुरक्षा कारणों से Y श्रेणी की सुरक्षा दी है। गुरुवार शाम को सरकार के निर्देश पर गाजीपुर पुलिस ने उन्हें सुरक्षा उपलब्ध करा दी है। सरकार के इस फैसले से सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश के खिलाफ लगातार बयानबाज़ी कर रहे ओपी राजभर को राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के बाद उसका फल मिला है। राष्ट्रपति चुनाव में यूपी में विपक्ष ने क्रॉस वोटिंग की। राजभर ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कहने पर द्रौपदी मुर्मु का समर्थन करेंगे। इसके साथ ही शिवपाल सिंह यादव ने भी द्रौपदी मुर्मु को ही वोट दिया था। विपक्ष के चार विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी, जबकि 3 विधायकों के वोट अवैध घोषित हुए थे।

2022 का यूपी विधानसभा चुनाव, ओम प्रकाश राजभर और सपा ने गठबंधन में लड़ा था। उनकी पार्टी सुभासपा ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिसमें से उन्होंने 6 सीटें जीती। ओम प्रकाश राजभर खुद भी जहूराबाद सीट से चुनाव जीते हैं। लेकिन 2022 में योगी सरकार की प्रचंड वापसी के बाद से ही ओम प्रकाश राजभर, सपा मुखिया अखिलेश यादव पर हमलावर नज़र आ रहे हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.