बाढ़ प्रभावितों के साथ है योगी सरकार, राहत शिविरों में अबतक 21 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया

0 598

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के 18 जिलों में 1,111 बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को राहत पहुंचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की 47 टीमों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से 21,153 लोगों को निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया है। सरकार जिन 18 जिलों में बाढ़ राहत अभियान चला रही है उनमें आगरा, औरैया, इटावा, हमीरपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बलिया, बांदा, कासगंज, कौशांबी, भदोही, चंदौली, गाजीपुर और सीतापुर शामिल हैं।

सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए लगभग 1936 नावें और 677 चिकित्सा दल को तैनात किया गया है। इसके अलावा 1524 बाढ़ चौकियां और 702 पशु राहत शिविर भी स्थापित किये गए हैं। इसके अलावा, तलाशी अभियान चलाने के लिए 108 मोटरबोट और 50 वाहनों को सेवा में लगाया गया है। साथ ही 964 राहत शिविरों की भी स्थापना की गयी है। वहीं 9,57,952 से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एसडीआरएफ और पीएसी की टीमों को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड में रखते हुए बाढ़ और अत्यधिक बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य के लिए लगाया है। साथ ही लगभग 58,497 ओआरएस पैकेट और क्लोरीन की 1,87,280 से अधिक गोलियां प्रभावित क्षेत्रों में वितरित की गयी हैं।

राहत आयुक्त रणवीर प्रसाद के अनुसार हम बाढ़ से उपजी स्थिति की पल पल की निगरानी कर रहे हैं। राहत और बचाव के लिए पर्याप्त उपाय किये गए हैं। हमने सुनिश्चित किया है कि पीने के पानी, सूखे भोजन के पैकेट, दवाओं, कपड़े, बर्तन और बिस्तर की पर्याप्त आपूर्ति बनी रहे। अधिकारी के अनुसार सरकार की और से बाढ़ प्रभावित लोगों को अब तक 14,166 से अधिक सूखे राशन किट और 1,36,255 लंच पैकेट वितरित किये जा चुके हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.