गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रेलर से टकराई दिल्ली-दरभंगा बस; 4 यात्रियों की मौत, 3 गंभीर
अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में शुक्रवार तड़के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास दिल्ली से दरभंगा जा रही एसी बस ओवरटेक करते समय ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
ओवरटेक करते समय ट्रेलर से भिड़ी बस
पुलिस के मुताबिक, बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान उसकी ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत बस के बाएं हिस्से में हुई, जिससे इस तरफ का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बस का दूसरा हिस्सा अपेक्षाकृत सुरक्षित रहा। इसी वजह से दूसरी तरफ बैठे कई यात्री हादसे में सुरक्षित बच गए।
चार मृतकों में एक की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले चार यात्रियों में से एक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सचिन कुमार बिहार के रहने वाले थे।
तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
तीनों घायल बिहार के दरभंगा के रहने वाले
हादसे में घायल तीन यात्रियों की पहचान सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के दरभंगा के निवासी बताए जा रहे हैं।
तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई गई है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। एडिशनल एसपी ने हादसे में चार यात्रियों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले अन्य यात्रियों की पहचान कराने की प्रक्रिया भी जारी है।