भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम, आज राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली: इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम बुधवार देर रात अपनी पहली भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने उनका रेड कार्पेट स्वागत किया। आगा खान पंचम 9 से 15 सितंबर तक भारत के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति, गृह मंत्री और विदेश मंत्री से मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रिंस रहीम आगा खान पंचम की भारत यात्रा उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर हो रही है। करीब एक सप्ताह के इस दौरे में वह दिल्ली के अलावा अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद भी जाएंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी से होगी मुलाकात
दिल्ली प्रवास के दौरान आगा खान पंचम की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके अलावा वह गृह मंत्री और विदेश मंत्री से भी मुलाकात करेंगे।
भारत यात्रा के दौरान अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद का दौरा भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। इन शहरों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (AKDN) विभिन्न विकास कार्यों और सामुदायिक पहलों से जुड़ा हुआ है।
50वें इमाम बनने के बाद पहली भारत यात्रा
प्रिंस रहीम आगा खान पंचम के लिए यह भारत की पहली यात्रा है, जब उन्होंने इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम का पद संभाला है। उन्होंने फरवरी 2025 में अपने पिता प्रिंस करीम आगा खान चतुर्थ के निधन के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी।
प्रिंस करीम अल-हुसैनी आगा खान चतुर्थ शिया इस्माइली मुसलमानों के 49वें इमाम थे। उनके निधन की जानकारी इस्माइली धार्मिक समुदाय ने अपनी वेबसाइटों के जरिए दी थी।
आगा खान चतुर्थ ने लोक कल्याण के लिए किया काम
प्रिंस करीम आगा खान चतुर्थ ने अपना पूरा जीवन लोक कल्याण के कार्यों के लिए समर्पित किया था। उन्होंने दुनिया के सबसे गरीब और हाशिए पर रहने वाले समुदायों की मदद के लिए कई स्तरों पर काम किया।
वर्ष 1967 में उन्होंने आगा खान फाउंडेशन की स्थापना की थी। यह संस्था अफ्रीका, एशिया, यूरोप, मध्य पूर्व और उत्तरी अमेरिका के 18 देशों में काम करती है। आगा खान फाउंडेशन ने उनके परिवार और दुनिया भर के इस्माइली समुदाय के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की थी।