दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: खड़ी गाड़ी के पास खड़े युवकों को टेंपो ट्रैवलर ने कुचला, तीनों की दर्दनाक मौत

0 20

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तीन युवकों की जान चली गई। यह दुर्घटना विजयनगर थाना क्षेत्र में आईपीईएम कॉलेज एग्जिट प्वाइंट के पास उस समय हुई, जब एक थार गाड़ी एक्सप्रेसवे की मेन लेन पर खड़ी थी और उसके पास दो युवक एक बाइक सवार से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही टेंपो ट्रैवलर ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।

इस भीषण टक्कर में एक थार सवार और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा थार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

सुबह 6:10 बजे हुआ हादसा, चालक हिरासत में

पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 6 बजकर 10 मिनट पर हुआ। मृतकों में दो की पहचान दीपक और प्रवीण के रूप में हुई है, जबकि तीसरे की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। जिस टेंपो ट्रैवलर से हादसा हुआ, वह दिल्ली से हरिद्वार जा रहा था और उसमें 26 महिलाएं सवार थीं। पुलिस ने ट्रैवलर चालक वीरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार और लापरवाही पर जांच केंद्रित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि एक्सप्रेसवे पर वाहन खड़ा होना भी दुर्घटना का कारण बना या नहीं।

पिछले साल भी हुआ था ऐसा ही दर्दनाक हादसा

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर इससे पहले भी एक बड़ा हादसा सामने आ चुका है। पिछले साल जुलाई में एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई थी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। मृतकों की पहचान जीवन ज्योति जेना (24), सुमित कुमार (23) और आदित्य राज (23) के रूप में हुई थी, जो दिल्ली के निवासी थे। पुलिस जांच में सामने आया था कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। तीनों युवकों ने कांवड़ियों जैसी पोशाक पहन रखी थी, हालांकि वे कांवड़िये नहीं थे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.