Weather Update: दिल्ली में समय से पहले मानसून की दस्तक, यूपी-झारखंड के कई जिलों में अलर्ट

0 329

नई दिल्ली: भारत में मानसून ने दस्तक दे दी है। पिछले कुछ दिनों में देश के अधिकांश राज्यों में बारिश हुई है। इससे लोगों को हीट वेव और गर्मी से राहत मिली है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ से लेकर झारखंड के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई है। झारखंड के रांची, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में बारिश जारी है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रांची और खूंटी समेत प्रभावित इलाकों के विद्यालयों को गुरुवार से बंद कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रांची, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में सभी स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे जबकि पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में आठवीं कक्षा तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी।

बारिश से जलमग्न हुआ लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात मूसलाधार बारिश हुई। इसके चलते शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पूर्वी-दक्षिणी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के बांदा, झांसी, ललितपुर सहित कुल 12 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, गुजरात के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

समय से पहले दिल्ली पहुंच सकता मानसून
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 20 जून से 25 जून के बीच हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित उत्तर-पश्चिमी भारत के बड़े हिस्सों में वर्षा का अनुमान है। आईएमडी के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि मानसून सामान्य तिथि 30 जून से पहले 22 जून तक दिल्ली पहुंच सकता है।

आईएमडी के अनुसार, आगामी सप्ताह में देश के बाकी हिस्सों में भी मानसून सामान्य तिथि से पहले पहुंच सकता है। जून की शुरुआत से वर्षा की कमी के चलते तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई, जिससे 8-9 जून के बीच उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े इलाकों में लू जैसी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। पश्चिम बंगाल और गुजरात के आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून ने 16 से 18 जून के बीच तेजी से प्रगति की। आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल में दस्तक देता है, 11 जून तक मुंबई पहुंचता है और 8 जुलाई तक पूरे देश में फैल जाता है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.