11 करोड़ मिलने के बाद भी शुरू नहीं हुआ काम! यमुना पुस्ता मार्ग की बदहाल हालत पर भड़का नोएडा प्राधिकरण, सिंचाई विभाग को लगाई फटकार

0 16

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित सभागार में गुरुवार को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसपी) की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोएडा प्राधिकरण के वित्तीय सहयोग से उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे मरम्मत और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान सिंचाई निर्माण खंड गाजियाबाद के अधिशासी अभियंता और ओखला खंड के सहायक अभियंता भी मौजूद रहे।

11 करोड़ की पहली किस्त जारी, फिर भी नहीं शुरू हुआ यमुना पुस्ता मार्ग का काम

बैठक में सामने आया कि नोएडा प्राधिकरण की ओर से यमुना पुस्ता मार्ग के मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्य के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को पहली किस्त के रूप में 11 करोड़ रुपये की धनराशि पहले ही जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कार्य शुरू नहीं किया गया है। इस पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया।

सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता बी.के. सिंह ने बैठक में आश्वासन दिया कि यमुना पुस्ता मार्ग की मरम्मत का कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

सलारपुर और भंगेल के पास बन रहे तीन पुल, नवंबर 2026 तक पूरा करने का दावा

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि ओखला खंड की ओर से सिंचाई नाले पर सलारपुर और भंगेल क्षेत्र के सामने तीन पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से दो पुलों के निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 30 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जबकि तीसरे पुल के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि तीनों पुलों का निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।

सेक्टर-135 के आगे क्षतिग्रस्त पुस्ता मार्ग के चौड़ीकरण की तैयारी

समीक्षा बैठक में सेक्टर-135 के आगे स्थित पुस्ता मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। यह मार्ग सिंचाई विभाग के निर्माण खंड गाजियाबाद के अधीन आता है और वर्तमान में काफी क्षतिग्रस्त अवस्था में है।

अधिशासी अभियंता राजकुमार बर्न ने आश्वासन दिया कि इस मार्ग के चौड़ीकरण से संबंधित प्रस्ताव और लागत अनुमान जल्द तैयार कर प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आगे की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.