कनाडा में फायरिंग के बाद वायरल पोस्ट से सनसनी! गैंग में फूट की खबरों को बताया अफवाह, बदमाश ने ली हमले की जिम्मेदारी
नई दिल्ली: कनाडा के ब्रैम्पटन स्थित महल स्वीट्स पर हुई फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पोस्ट में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने न सिर्फ फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, बल्कि गैंग के भीतर मतभेद और टूट की खबरों को भी सिरे से खारिज किया है।
वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि ब्रैम्पटन में हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी आरजू बिश्नोई, टायसन बिश्नोई और शुभम लोंकर लेते हैं। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि गैंग के भीतर किसी तरह का विवाद नहीं है और संगठन में फूट की बात करने वाले लोग झूठी अफवाहें फैला रहे हैं। संदेश में दावा किया गया कि सभी सदस्य एकजुट हैं और आगे भी साथ मिलकर काम करेंगे।
पोस्ट में दी गई जान से मारने की धमकी
वायरल संदेश में एक व्यक्ति को सीधे तौर पर धमकी देने का भी दावा किया गया है। पोस्ट के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को पहले भी फोन कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया। संदेश में कहा गया है कि यदि आगे भी कॉल को नजरअंदाज किया गया तो उसके मॉल में घुसकर गोली मार दी जाएगी।
हालांकि, इस वायरल पोस्ट की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं और सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों की पड़ताल की जा रही है।
दिल्ली में जिम पर फायरिंग से भी बढ़ी चिंता
इसी बीच राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक जिम पर हुई फायरिंग की घटना ने भी सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार तड़के मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने जिम के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावरों ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान तुरंत नहीं हो सकी। गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। स्थानीय पुलिस के साथ विशेष इकाइयों की कई टीमें हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए काम कर रही हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
कनाडा में हुई फायरिंग और दिल्ली में जिम पर गोलीबारी की घटनाओं के बीच वायरल पोस्ट ने नए सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि करने से बच रही हैं और तथ्यों के सत्यापन में जुटी हैं।