विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम में उमड़ी लोगों की भीड़, जेवर में जनकल्याण मेले के जरिए 278 लाभार्थियों तक पहुंचीं सरकारी योजनाएं
गौतमबुद्धनगर: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को विकास खंड जेवर परिसर में विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम एवं जनकल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी मौजूद रहीं। अपने संबोधन में विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के हर वर्ग के उत्थान और सशक्तीकरण के लिए संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और सेवा भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
विधायक ने स्टॉलों का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी सुने। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

16 विभागों ने लगाए जानकारीपरक स्टॉल
जनकल्याण मेले में आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 16 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। मेले में पहुंचे नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और लाभार्थियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी हासिल की।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान करीब 278 नागरिकों और लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। बैग, मसाले, हेयर ऑयल, शैम्पू समेत कई उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिन्हें लोगों ने काफी सराहा।
जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आम लोगों ने आयोजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और जागरूकता बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन सिंह ने किया। अंत में खंड विकास अधिकारी जेवर अंकित कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।