CM डैशबोर्ड समीक्षा में सख्त दिखे CDO, खराब प्रदर्शन वाले विभागों को चेतावनी; अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा जाएगा जवाब

0 25

गौतमबुद्धनगर: जनपद में विकास योजनाओं और शासन की प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम डैशबोर्ड, विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों, सीएमआईएस पोर्टल, जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-ऑफिस, फैमिली आईडी और आधार सीडिंग की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें।

विभागवार समीक्षा में कई महत्वपूर्ण निर्देश

बैठक में प्रोबेशन विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, कार्यक्रम विभाग, लोक निर्माण विभाग, उद्योग विभाग, जल निगम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विभाग, दुग्ध विकास विभाग, वन विभाग और पशुपालन विभाग समेत कई विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन योजनाओं की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं है, उनमें तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल किए जाएं।

फैमिली आईडी और आधार सीडिंग पर विशेष जोर

समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी और आधार सीडिंग की प्रगति का भी परीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अभियान स्तर पर कार्य किया जाए और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।

पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार के निर्देश

बैठक में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और पीएम सूर्य घर योजना के अधिकतम लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने पात्र लोगों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नहीं होगा समझौता

जनपद में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के निर्देश

बैठक में विद्यालयों में चल रहे कायाकल्प कार्यों और निरीक्षण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने, कमियों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग सुधारने पर फोकस

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग की नियमित समीक्षा शासन स्तर पर की जाती है। ऐसे में सभी विभागों को अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाने और कमजोर क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावी मॉनिटरिंग और नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा।

अनुपस्थित अधिकारियों पर जताई नाराजगी

बैठक में कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रभारी जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही, उदासीनता या जवाबदेही की कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.