राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए उमड़े 5,200 आवेदन, फॉर्म में पूछा गया- ‘क्या आप सच्चे हिंदू हैं?’

0 24

अयोध्या: श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए देशभर से जबरदस्त रुचि देखने को मिली है। ट्रस्ट को इस पद के लिए 5,200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। बड़ी संख्या में आए आवेदनों के चलते चयन प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लग रहा है। ट्रस्ट को उम्मीद है कि अगले एक महीने के भीतर नए सीईओ की नियुक्ति कर दी जाएगी।

25 जुलाई तक भरना होगा विस्तृत गूगल फॉर्म

सीईओ पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 25 जुलाई तक एक विस्तृत गूगल फॉर्म भरना होगा। इस फॉर्म में कुल 32 प्रश्न शामिल किए गए हैं। सामान्य व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, पता, आयु, पेशा और कार्य अनुभव के अलावा अभ्यर्थियों से यह भी पूछा गया है कि क्या वे स्वयं को सच्चा हिंदू मानते हैं।

फॉर्म में अनुभव और धार्मिक जुड़ाव से जुड़े कई सवाल

आवेदन फॉर्म में उम्मीदवारों से पूछा गया है कि क्या उन्होंने कभी किसी बड़े आयोजन का संचालन किया है और उसमें कितने लोगों ने भाग लिया था। इसके अलावा यह भी जानना चाहा गया है कि क्या वे किसी सामाजिक, धार्मिक संगठन या मंदिर से जुड़े रहे हैं। यदि जुड़े रहे हैं तो उन्होंने कितने वर्षों तक उसका प्रबंधन किया, संगठन या मंदिर का आकार क्या था और वहां उनकी क्या जिम्मेदारियां थीं।

उम्मीदवारों से उनके पेशेवर, सामाजिक और धार्मिक कार्यों के सत्यापन के लिए कम से कम दो प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम, पद और संपर्क विवरण भी मांगे गए हैं। साथ ही अपने नेतृत्व में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या, प्राप्त पुरस्कारों की जानकारी, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के लिए विजन, कार्ययोजना और सुझाव भी फॉर्म में देने होंगे। आवेदन के साथ बायोडाटा और दो संदर्भ भी अनिवार्य किए गए हैं।

तीन सदस्यीय समिति करेगी नए सीईओ का चयन

ट्रस्ट ने सीईओ के चयन के लिए तीन सदस्यीय चयन समिति का गठन किया है। समिति में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावरे शामिल हैं। इस पद के लिए आवेदन 13 जुलाई से आमंत्रित किए गए थे, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई निर्धारित की गई थी।

योग्यता से अधिक व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता पर रहेगा फोकस

जानकारी के अनुसार, चयन प्रक्रिया में किसी विशेष शैक्षणिक योग्यता की बजाय उम्मीदवार के समग्र व्यक्तित्व, प्रशासनिक क्षमता और नेतृत्व कौशल को प्राथमिकता दी जाएगी। ट्रस्ट का मानना है कि सीईओ ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जो कुशल प्रबंधक, सक्षम प्रशासक और विनम्र स्वभाव का हो। इसके साथ ही अच्छी शैक्षणिक पृष्ठभूमि, संबंधित अनुभव तथा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रभावी संवाद क्षमता भी आवश्यक होगी। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि चयन में किसी क्षेत्र विशेष को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी और भारतीय नागरिकता ही मूल पात्रता होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.