नोएडा की 20 सोसाइटियों में अब एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्टिंग की तैयारी, जानिए किन सोसाइटियों में शुरू होगा पायलट अभियान

0 30

गौतमबुद्धनगर: पीएनजी कनेक्टिविटी वाले इलाकों और सोसाइटियों में घरेलू एलपीजी से पीएनजी में स्थानांतरण को लेकर समन्वय बैठक आयोजित की गई। जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पहले चरण में 20 चयनित सोसाइटियों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में अभियान चलाने का फैसला किया गया।

आईजीएल और तेल कंपनियों के प्रतिनिधि बैठक में रहे मौजूद

बैठक में संबंधित सीजीडी कंपनी इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड यानी आईजीएल, ऑयल कंपनियों आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के प्रतिनिधियों के साथ जनपद के एलपीजी वितरकों ने हिस्सा लिया। बैठक में पीएनजी उपलब्ध सोसाइटियों की पहचान, एलपीजी उपभोक्ताओं के सत्यापन और पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण की प्रगति पर चर्चा की गई।

नोटिस अवधि पूरी होने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

बैठक में स्पष्ट किया गया कि पात्र उपभोक्ताओं को शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया और नोटिस अवधि का पालन करते हुए घरेलू एलपीजी से पीएनजी में स्थानांतरित किया जाएगा। जिन सोसाइटियों में पीएनजी नेटवर्क स्थापित है और नोटिस दिए हुए तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, उनमें से 20 सोसाइटियों को पहले चरण के पायलट अभियान के लिए चुना गया है।

इन 20 सोसाइटियों में चलेगा पायलट प्रोजेक्ट

  1. DIVYANSH FLORA GC II
  2. WHITE ORCHID
  3. SAYA ZION
  4. AVENUE GC 6, Gaur City Greater Noida West
  5. ATS NOBILITY
  6. AMAATRA HOMES
  7. ATS HAPPY TRAILS
  8. REGENCY PARK
  9. VIHAAN GREENS, Greater Noida West
  10. PROVIEW TECHNOCITY-SECTOR CHI 5
  11. OASIS VENETIA HEIGHTS-SURAJPUR SITE C
  12. MIGSUN TWINZ-ETA 2
  13. OMAXE PALM GREEN-SECTOR MU
  14. PARX LAUREATE-NOIDA SECTOR 108
  15. AMRAPALI EDEN PARK-NOIDA SECTOR 50
  16. AMRAPALI PLATINUM-NOIDA SECTOR 119
  17. DIVINE MEADOWS-NOIDA SECTOR 108
  18. GOLF CITY-NOIDA SECTOR 75
  19. GARDENIA GLORY-NOIDA SECTOR 46
  20. AMRAPALI SILICON CITY-NOIDA SECTOR 76

सोसाइटियों में लगाए जाएंगे जागरूकता और सुविधा शिविर

चिन्हित सोसाइटियों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पीएनजी कनेक्शन से संबंधित जागरूकता और सुविधा शिविर आयोजित किए जाएंगे। पीएनजी पंजीकरण और जरूरी औपचारिकताओं की जानकारी उपभोक्ताओं को नोटिस, एसएमएस, व्हाट्सऐप और अन्य माध्यमों से दी जाएगी।

प्रक्रिया पूरी होने के बाद एलपीजी कनेक्शन अस्थाई रूप से होंगे बंद

निर्धारित नोटिस अवधि और अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन के निर्देशों के अनुसार संबंधित घरेलू एलपीजी कनेक्शनों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत घरेलू एलपीजी कनेक्शनों को अस्थाई रूप से बंद किया जाएगा।

आरडब्ल्यूए और सोसाइटी प्रबंधन से सहयोग की अपील

सभी आरडब्ल्यूए, एओए और सोसाइटी प्रबंधन समितियों से पीएनजी व्यवस्था के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन में सहयोग करने को कहा गया है। आईजीएल और संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी की टीमें आपसी समन्वय से प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगी। संबंधित सीजीडी कंपनी, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल और एलपीजी वितरकों को भी इस अभियान को सुगम बनाने और प्रोत्साहित करने के लिए सहयोग देने को कहा गया है।

एलपीजी पर निर्भरता घटाने और पीएनजी उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर

प्रशासन के अनुसार इस प्रक्रिया से जनहित में शासन की अधिसूचना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। साथ ही जनपद में घरेलू एलपीजी पर निर्भरता कम करने और घरेलू उत्पादन वाली पीएनजी के उपभोक्ताओं की संख्या क्रमशः बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.