द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने समाज को दिया बड़ा संदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

0 541

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को भाजपा ने राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित कर समाज को एक बड़ा संदेश दिया है। यहां वंशवाद, परिवारवाद की राजनीति नहीं होती बल्कि राष्ट्रवाद पर जोर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रगति का पैमाना समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति से होगा। जनजातीय लोगों के लिए एक गौरवान्वित करने वाला पल होगा जब उनके बीच में रही एक साधारण सी महिला देश के सबसे बड़े पद की बागडोर संभालेंगी। आदित्यनाथ शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश दुनिया में सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में भाजपा उभर कर सामने आई है। भाजपा ने लोगों में विश्वास पैदा किया है। परिवारवाद की नीतियों से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद को बढ़ावा दिया है। ये टीम वर्क का परिणाम है कि भाजपा ने हर चुनावों में शानदार जीत दर्ज की है चाहे फिर वो पंचायत चुनाव हो विधानपरिषद, विधानसभा या हाल में हुए दो उपचुनाव हो। भाजपा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सही दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

योगी ने कहा कि प्रधनमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश की जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव हुए हैं। केन्द्र सरकार की सभी स्वर्णिम योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिल रहा है। प्रदेश में 45 लाख लोगों को मकान, 2 करोड़ 61 लाख शौचालयों के निर्माण के साथ ही योजनाओं का सीधा लाभ आज प्रदेश की जनता को बिना भेदभाव के मिल रहा है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को वोट के जरिए अपना आशीर्वाद दिया और सभी चुनावों में भाजपा ने बंपर जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों में विश्वास जगाया है।

विपक्ष ने केवल परिवारवाद की राजनीति के चलते लोगों को योजनाओं से कोसों दूर रखा और उनको योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचाया। वहीं भाजपा ने सबका साथ सबका विकास के मूलमंत्र पर काम करते हुए अंतिम पायदान पर खड़े हर व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिया। इन योजनाओं के कारण आज उत्तर प्रदेश की छवि में सकारात्मक परिर्वतन हुआ है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.