रांची में पशु तस्करों ने गाड़ी से रौंदकर महिला दरोगा की जान ली

0 474

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुंडू में बुधवार तड़के करीब तीन बजे पशु तस्करों ने महिला दरोगा संध्या टोपनो की पिकअप वैन से रौंदकर जान ले ली। संध्या टोपनो 2018 बैच की अधिकारी थीं। वह तुपुदाना में नियुक्त थीं। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। बताया गया है कि सिमडेगा पुलिस को सिमडेगा से पिकअप वैन में तस्करी के लिए पशुओं को ले जाने की सूचना मिली थी। सिमडेगा के बसिया थाना के जवानों ने पिकअप वैन का पीछा करते हुए इसकी सूचना खूंटी पुलिस को दी। खूंटी पुलिस ने रात में नाका लगाया। मगर पशु तस्कर चकमा देकर रांची की ओर भाग गए। इसके बाद सिमडेगा पुलिस ने रांची पुलिस को यह जानकारी दी।

रांची पुलिस ने खूंटी-रांची सीमा के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू के पास नाका लगाया। बुधवार तड़के करीब तीन बजे सफेद रंग का पिकअप वैन तेजी से आती दिखी। नाके पर तैनात महिला एसआई संध्या टोपनो ने हाथ हिलाकर गाड़ी को रुकने का इशारा किया। मगर बेखौफ चालक ने गाड़ी महिला दरोगा के ऊपर चढ़ा दी और आगे बढ़ गया। संध्या टोपने ने मौके पर दम तोड़ दिया। कुछ दूरी पर गश्त दे रहे पुलिस जवानों ने आरोपित चालक को दबोच लिया है। इस दौरान गाड़ी से कई तस्कर कूदकर भाग गए है। इस हत्याकांड से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी समेत अन्य आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। गिरफ्त में आए आरोपित वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.