ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक दौड़ेगी मेट्रो, डीपीआर तैयार

0 566

नोएडा । नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन तक चलने वाली मेट्रो बोड़ाकी तक जाएगी। इसकी डीपीआर तैयार हो गई है। करीब 2.6 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर दो स्टेशन होंगे। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बोर्ड के समक्ष इस आशय की जानकारी पेश की गई है। इस रूट के बनने से दादरी व बोड़ाकी के आसपास से नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को सहूलियत हो जाएगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 127वीं बोर्ड बैठक में बोड़ाकी मेट्रो का भी प्रस्ताव पेश किया गया, जिसके अनुसार, डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक करीब 2.6 किलोमीटर लंबे मेट्रो ट्रैक की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट एनएमआरसी से प्राप्त हो गई है। प्राधिकरण के संबंधित विभागों ने इसका परीक्षण भी कर लिया है। इसे शीघ्र ही एनएमआरसी को भेजा जाएगा। एनएमआरसी ही इस मेट्रो ट्रैक के निर्माण के लिए एजेंसी का चयन करेगी और इस प्रोजेक्ट को पूरा कराएगी। डिपो से बोड़ाकी तक दो मेट्रो स्टेशन जुनपत व बोड़ाकी होंगे। यह ट्रैक भी एलिवेटेड होगा।

वहीं, नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित मेट्रो परियोजना के लिए कास्टिंग यार्ड की जगह सेक्टर-2 के पास चिह्न्ति कर ली गई है और एनएमआरसी को इसकी सूचना दे दी गई है। प्राधिकरण की तरफ से यह जानकारी बोर्ड के समक्ष पेश की गई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.