वर्ष 2014 के बाद भारत को नई पहचान मिली: पुष्कर सिंह धामी

0 269

देहरादून: मुख्यमंत्री ने गुरुवार को आजादी के अमृत महोत्सव पर कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2014 के बाद भारत को नई पहचान मिली है। गुरुवार को सुभाष रोड स्थित एक होटल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित ‘राइज़ इन उत्तराखंड’ के तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न उपक्रम एवं विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। देश में कोरोना टीकाकरण महाअभियान, आयुष्मान योजना,उज्ज्वला योजना,स्किल इंडिया जैसी तमाम योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

हमारी सरकार भी प्रदेश में ‘विकल्प रहित संकल्प’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। प्रदेश में युवाओं और महिलाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए सरकार स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित कर रही है, इसके लिये बजट में भी व्यवस्था की गई है। प्रदेश में स्वरोजगार और स्टार्टअप की अपार संभावनाएं हैं। आज हमारा प्रदेश बड़े राज्यों की तुलना में तेजी से स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। बदरीनाथ धाम में 265 करोड़ की लागत से नया मास्टर प्लान बनाया जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली से देहरादून एलिवेटेड सड़क निर्माण, का कार्य भी जल्द पूरा हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्नान करते हुए कहा कि वर्ष 2025 के रजत जयंती वर्ष को हम सब महाअभियान के तहत मनाएंगे। यह वर्ष उत्तराखंड के 25 वर्ष पूरे होने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने का मार्ग प्रशस्त करेगा। प्रधानमंत्री के कल्पना के अनुरूप उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का हमारा प्रयास है। इस मौके पर केन्द्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी युवा नेता के तौर पर उत्तराखंड में बहुत बेहतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई विकास योजनाएं आगे बढ़ रही हैं और उत्तराखंड भी मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा के ऐसे आयोजन छात्र-छात्राओं के लिए भी बेहतर सिद्ध होंगे। इस दौरान ऋषिकेश नगर निगम के महापौर अनीता मंमगाई,राज्य एवं केंद्र सरकार कि प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रदर्शनी के पहले दिन उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी उत्तराखंड में पहली बार प्रदर्शित की जा रही है उत्तराखंड के युवाओं को इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.