अमरनाथ यात्रा अस्थाई तौर पर स्थगित, जम्मू से रवाना जत्थे को चंद्रकूट में रोका गया

0 502

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में गुरुवार सुबह से जारी भारी बारिश के चलते बालटाल तथा पहलगाम मार्ग से अमरनाथ यात्रा को अस्थाई तौर पर स्थगित कर दिया गया है। जम्मू से रवाना हुए जत्थे को रामबन में भूस्खलन के चलते चंद्रकूट में ही रोक दिया गया है। गुरुवार सुबह चंद्रपुर, पंचतरणी, बालटाल, दौमेल तथा कई अन्य स्थानों पर भारी बारिश के चलते बालटाल व नूनवान आधार शिविरों से किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई है। इसी बीच बालटाल तथा नूनवान आधार शिविरों में 4000 के करीब श्रद्धालु रूके हुए हैं। प्रशासन के अनुसार मौसम के साफ होने के बाद ही आगे की यात्रा के लिए कोई निर्णय लिया जाएगा। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक सोमनम लोटस ने बताया है कि यात्रा मार्ग पर आज पूरे दिन बारिश की संभावना है।

इसी बीच जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा के लिए गुरुवार सुबह 1602 श्रद्धालुओं का एक और जत्था बालटाल तथा पहलगाम के लिए रवाना हो गया। 55 छोटे बड़े वाहनों में रवाना हुए जत्थे में 1215 पुरुष, 339 महिलाएं, 5 बच्चे, 39 साधु तथा चार साध्वी शामिल थी। आज रवाना हुए जत्थे के साथ ही अभी तक जम्मू के आधार शिविर से 1,51,472 श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए जा चुके हैं।

इसी दौरान भारी बारिश के कारण रामबन में पंथयाल, मेहार, कैफिटेरिया मोड़ पर भूस्खलन के चलते पहाड़ों से मलबा तथा बड़े-बड़े पत्थर राजमार्ग पर फैल गए हैं, जिससे राजमार्ग को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। इसी बीच अमरनाथ यात्रा पर जम्मू से निकले श्रद्धालुओं को राजमार्ग बंद होने के चलते चंद्रकूट आधार शिविर में ही रोक दिया गया है।

राजमार्ग को साफ करने का कार्य जारी है लेकिन लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण कार्य में बाधा पहुंच रही है। जिला प्रशासन के अनुसार मार्ग व मौसम साफ होने के बाद ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। यातायात विभाग ने मौजूदा मौसम को देखते हुए लोगों से एनएच 44 की ताजा जानकारी लिए बिना यात्रा न करने की अपील की है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.