O Level और CCC कंप्यूटर कोर्स के लिए आवेदन शुरू, पिछड़ा वर्ग के युवाओं को मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण का मौका

0 23

गौतमबुद्धनगर: पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए अच्छी खबर है। शासन द्वारा संचालित ओ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया की समय-सारणी जारी कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।

16 जून से 10 जुलाई तक किए जा सकेंगे आवेदन

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि जनपद में पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से ओ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया 16 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

नीलिट से मान्यता प्राप्त संस्थाओं में मिलेगा प्रशिक्षण

योजना के अंतर्गत भारत सरकार की अधिकृत संस्था राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के युवक-युवतियों को ओ लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को डिजिटल कौशल से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

वेबसाइट पर उपलब्ध हैं दिशा-निर्देश और समय-सारणी

अधिकारियों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य दिशा-निर्देशों से संबंधित पूरी जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए समय-सारणी और विस्तृत दिशा-निर्देश भी वेबसाइट पर प्रदर्शित किए गए हैं।

रोजगार के अवसर बढ़ाने की पहल

यह योजना विशेष रूप से उन बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए लाभकारी साबित होगी, जो कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर रोजगार या स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। शासन का उद्देश्य तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.