कानपुर में बड़ा हादसा: रेलिंग तोड़ नहर में गिरी यात्रियों से भरी बस, मची चीख-पुकार; 19 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र स्थित रामगंगा नहर पुल पर हुआ। बस ट्राइडेंट कंपनी के कर्मचारियों को लेकर कुढ़नी से रनियां जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक डंपर से टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी।
डंपर से टक्कर के बाद नहर में गिरी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर की टक्कर के बाद बस बेकाबू हो गई। हादसे के तुरंत बाद चालक बस से कूदकर मौके से फरार हो गया, जबकि बस नहर में समा गई। बस के पानी में गिरते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए चीखने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोर और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में अहम भूमिका निभाई। बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों ने बचाईं यात्रियों की जान
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू शुरू कर दिया। कई लोग नहर में उतर गए और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और गोताखोरों ने भी राहत अभियान तेज किया, जिसके बाद सभी 19 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है।
तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की आशंका
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक समेत फरार बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
इस हादसे के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस को नहर में गिरा देखा जा सकता है और लोग यात्रियों को बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।