नोएडा में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, अचार-चटनी से टोमैटो पेस्ट तक के 8 सैंपल लिए गए, लैब जांच के लिए भेजे गए नमूने

0 24

गौतम बुद्ध नगर: जिले में लोगों को शुद्ध और मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर प्रोसेस्ड फ्रूट एवं वेजिटेबल उत्पादों के नमूने एकत्र किए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिले के अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 8 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

सेक्टर-63 की यूनिट से लिए गए टोमैटो पेस्ट और मोमोज सॉस के नमूने

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने सेक्टर-63 स्थित एक खाद्य निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। यहां से टोमैटो पेस्ट और मोमोज सॉस के एक-एक नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

दादरी की फैक्ट्री से अचार और चटनी के चार सैंपल लिए गए

खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह और रितु सक्सेना की टीम ने दादरी क्षेत्र में स्थित एक खाद्य इकाई का निरीक्षण किया। टीम ने यहां से मिक्स अचार, ग्रीन चिली अचार, ग्रीन चिली सॉस और इमली चटनी के एक-एक नमूने संग्रहित किए।

सूरजपुर इंडस्ट्रियल एरिया में भी हुई कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने साइट-सी सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक खाद्य निर्माण इकाई से टोमैटो कैचअप और टोमैटो पेस्ट के नमूने लिए। इन नमूनों को भी गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

जांच अभियान आगे भी रहेगा जारी

खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसके लिए समय-समय पर विभिन्न खाद्य निर्माण इकाइयों की सघन जांच की जाती रहेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.