जेवर एयरपोर्ट को मिली ग्रीन कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, सीएम योगी ने 45 इलेक्ट्रिक और 3 हाइड्रोजन बसों को दिखाई हरी झंडी

0 46

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ से वर्चुअल माध्यम के जरिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित होने वाली 45 इलेक्ट्रिक और 3 हाइड्रोजन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी शुभारंभ किया। यह नई परिवहन व्यवस्था जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।

कार्यक्रम का आयोजन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में किया गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन मोबिलिटी और सतत विकास के विजन को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश सरकार भविष्य में शहरों और गांवों को इलेक्ट्रिक परिवहन सेवाओं से जोड़ने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

15 जून तक 110 इलेक्ट्रिक बसों का होगा संचालन

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 जून तक नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में कुल 110 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की मांग और आवश्यकता को देखते हुए भविष्य में इन बसों की संख्या बढ़ाकर 500 तक की जाएगी। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क के बीच मजबूत लास्ट माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।

जेवर एयरपोर्ट के लिए मील का पत्थर साबित होगी सेवा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र आज आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर उद्योगों के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। ऐसे में पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा इस क्षेत्र में आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ग्रीन हाइड्रोजन बसों का भी होगा संचालन

मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में तीन हाइड्रोजन बसों का संचालन भी शुरू किया जा रहा है, जिन्हें एनटीपीसी ने उपलब्ध कराया है। इन बसों के लिए सीवर जल से ग्रीन हाइड्रोजन तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वच्छ ऊर्जा और प्रदूषण मुक्त परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उत्तर प्रदेश बना बेहतर सड़क और एयर कनेक्टिविटी का केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने सड़क और हवाई संपर्क के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। प्रदेश में चार लाख किलोमीटर से अधिक का सड़क नेटवर्क विकसित हुआ है और कई बड़े एक्सप्रेसवे राज्य की तस्वीर बदल रहे हैं। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के सबसे बेहतर कनेक्टेड राज्यों में शामिल है।

यूपी में बढ़ रही एयर कनेक्टिविटी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, कुशीनगर और जेवर सहित पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भविष्य में यात्री सेवाओं के साथ-साथ कार्गो और एमआरओ हब के रूप में भी विकसित होगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें पहले से संचालित

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 17 नगर निगम क्षेत्रों में पहले से 700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले इलेक्ट्रिक बसें बाहर से मंगानी पड़ती थीं, लेकिन अब लखनऊ में स्थापित विनिर्माण इकाइयों के माध्यम से प्रदेश में ही इनका निर्माण हो रहा है।

इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन बस सेवाएं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क को मजबूत कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाएंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.