CM धामी ने उत्तराखंड सरकार की ओर से 50 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की, कहा- वर्ष 2024 तक ऋषिकेश से कर्णप्रयाग के बीच दौड़ेगी ट्रेन

0 435

ऋषिकेश: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश एम्स में आने वाले मरीजों के तीमारदारों के के लिए माधव सेवा विश्राम सदन के प्रस्तावित 400 बेड के निर्माण के लिए उत्तराखंड सरकार की ओर से ₹50 लाख दिए जाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने वर्ष 2024 में ऋषिकेश से करणप्रयाग तक रेल सेवा प्रारभ किए जाने की बात कही।

सोमवार को वीरभद्र मंदिर के निकट प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, न्यास के अध्यक्ष ओम प्रकाश गोयल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह सुरेश भैया जी जोशी और योग गुरु बाबा रामदेव ने संयुक्त रूप से इसका शिलान्यास किया।

निर्माण कार्य का शिलान्यास किए जाने के बाद विश्राम सदन के दो दिवसीय समारोह के दौरान दूसरे दिन उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चार धाम यात्रा के मुख्य द्वार पर तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणा से ऋषिकेश मेंं एम्स का निर्माण किया गया है। इसका लाभ उत्तर प्रदेश, हिमाचल, पंजाब से आने वाले हजारों लोग उठा रहे हैं लेकिन उनके साथ आने वाले तीमारदारों को रहने के लिए हो रही दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे देखते हुए भाऊराव देवरस न्यास ने यहां पर विश्राम भवन बनाए जाने का संकल्प लिया और आज से इस कार्य का निर्माण प्रारंभ हो गया है जो कि डेढ़ वर्ष में पूरा हो जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा भाव को देखते हुए अनेक योजनाएं प्रारंभ की हैं, जिसके अंतर्गत उत्तराखंड की चार धाम की यात्रा पर आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इसका शुभारंभ वर्ष 2024 में हो जाएगा।

योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का किया जा रहा यह कार्य ईश्वरीय है। संंघ ने ऐसा कोई भी कार्य नहींं छोड़ा, जिसे समाज के किसी भी धर्म के लोगों को आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य का व्यक्तित्व उसकी सेवा भाव से ही बनता है। उन्होंने कहा कि पतंजलि ने भी इसी सेवा भाव को चुना है, जिसके अंतर्गत करोड़ों लोग पतंजलि के माध्यम से लोक सेवा कर रहे हैं। संघ का स्वयंसेवक साधारण भाव से आपकी सेवा में लगा रहता है, जो सेवा की भावना को लेकर आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि संघ ने चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में नई अलख जगाई है।

विख्यात कथा वाचक विजय कौशल ने कहा कि इस विशाल सदन के बनने के बाद एम्स में आने वाले मरीजों के साथ उनके तीमारदारों को सस्ते दाम पर रहने की सुविधा के साथ अच्छा सुपाच्य भोजन भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके संस्थान का मुख्य उद्देश्य लोगों की सेवा करना है, क्योंकि इस प्रकार के बड़े अस्पतालों की स्थापना सरकार कर देती है, जिनमें आने वाले मरीजों का उपचार अस्पताल में हो जाता है लेकिन उनके साथ आने वाले तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए ऋषिकेश में भी माधव राव देवरस सेवा न्यास ने 400 बेड का विश्राम सेवा सदन बनाए जाने का निर्णय लिया है।

भाऊराव देवरस सेवा न्यास के प्रमुख न्यासी संजय गर्ग ने बताया कि अभी तक भाऊराव देवरस सेवा न्यास ने देशभर में 5 विश्राम सदन बनाए हैं। इस छठवें सेवा सदन का निर्माण करने जा रहा है। इस सेवा संस्थान का गठन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणा से किया गया था, जिसके पश्चात देशभर में न्यास द्वारा सेवा सदन चलाए जा रहे हैं ।

गर्ग ने बताया कि माधव सेवा सदन की स्थापना ऋषिकेश में प्रस्तावित है, जिसका शुभारंभ भूमि पूजन के साथ किया गया है। इसमें आने वाले अतिथियों के लिए 400 बेड की रहने की व्यवस्था की जाएगी। इसमें कम दाम पर भोजन के साथ कमरे उपलब्ध रहेंगे। इसका निर्माण 3.30 एकड़ में किया जाएगा। इसमें रहने के लिए ₹50 और ₹25 में भोजन के दिया जायेगा।

इस दौरान ट्रस्ट के ओम प्रकाश गोयल, मनोज अग्रवाल, राहुल सिंह, राम अवतार ,संजय गर्ग, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेंद्र बंसल, उत्तराखंड राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक युद्धवीर भारतीय जनता पार्टी के संयोजक अजय, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विनय रोहिल्ला, महामंडलेश्वर स्वामी यतिस्वरानंद, अनिल मित्तल सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.