मणिपुर में भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हुई, 55 अब भी लापता

0 293

इंफाल: मणिपुर के नोनी जिले में एक रेलवे निर्माण स्थल पर भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 10 हो गई. शुक्रवार तड़के मलबे से दो और शव बरामद किए गए। इस संबंध में अधिकारियों ने जानकारी दी है। टुपुल यार्ड रेलवे कंस्ट्रक्शन कैंप में बुधवार रात भूस्खलन हुआ।

अधिकारियों ने जानकारी दी है कि सेना, असम राइफल्स, प्रादेशिक सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) द्वारा खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अभी भी करीब 55 लोग लापता बताए जा रहे हैं। गुरुवार तक मौके से 7 प्रादेशिक सेना के जवानों सहित कुल 8 शव बरामद किए गए।

एक अधिकारी ने बताया कि, ‘सुबह तलाशी अभियान के दौरान प्रादेशिक सेना के दो और जवानों के शव बरामद किए गए। एनडीआरएफ, असम राइफल्स, जिला पुलिस, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, स्थानीय स्वयंसेवकों और अन्य के अतिरिक्त सहयोग से खराब मौसम के बीच बचाव अभियान जोरों पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 13 प्रादेशिक सेना के जवानों और पांच नागरिकों को बचाया गया है।

पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता ने गुरुवार को लिमकांग सैन्य अस्पताल में भर्ती घायल प्रादेशिक सेना के जवानों से मुलाकात की। हालांकि, अब उनका इलाज मंत्रीपुखरी के असम राइफल्स अस्पताल में चल रहा है। सीएम एन बीरेन सिंह ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है. मणिपुर के राज्यपाल एल. गणेशन ने भी घटना पर दुख जताया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.