भगवान राम के भक्त, 7 हजार किलो बना रहा हलवा, कढ़ाई उठाने के लिए बुलानी पड़ेगी क्रेन

0 363

अयोध्या : अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की उलटी गिनती शुरू हो गई है। इस समारोह को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही हैं। इसी कड़ी में नागपुर के शेफ विष्णु मनोहर 7,000 किलोग्राम ‘राम हलवा’ तैयार करने जा रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर परिसर में होने वाले इस आयोजन के लिए 12 हजार लीटर की क्षमता वाली कढ़ाई तैयार करवाई है, जिसमें राम हलवा बनाया जाएगा। विष्णु मनोहर ने कहा, ‘इस कढ़ाई का वजन 1300-1400 किलोग्राम है। यह स्टील से बनाई गई है और इसका बीच वाला भाग लोहे से बना है। इसीलिए जब इसमें हलवा बनाया जाए तो जलेगा नहीं।’

शेफ मनोहर ने इस स्पेशल कढ़ाई के बारे में बताया कि इसका आकार 10 फीट गुणा 10 फीट का है। उन्होंने कहा, ‘यह 12 हजार लीटर की क्षमता वाली कढ़ाई है और इसमें 7000 किलोग्राम हलवा बनाया जा सकता है। 10 से 12 किलोग्राम वजन वाले स्पैटुला में छेद बनाए गए हैं ताकि इसे पकाने में आसानी हो।’ यह जानना भी बेहद दिलचस्प है कि हलवा तैयार होने के बाद इस विशाल कढ़ाई को उठाने के लिए क्रेन की जरूरत पड़ेगी। मनोहर ने बताया कि हलवा 900 किलोग्राम रवा, 1000 किलो घी, 1000 किलो चीनी, 2000 लीटर दूध, 2500 लीटर पानी, 300 किलो सूखे मेवे और 75 किलो इलायची पाउडर का इस्तेमाल करते हुए बनाया जाएगा।

रामलला को भोग लगाने के बाद यह प्रसाद करीब डेढ़ लाख भक्तों में बांटा जाएगा। शेफ ने कहा, ‘हमने इस पहल को कार सेवा से जोड़ते हुए पाक सेवा का नाम दिया है। इससे हमारी भावनाएं जुड़ी हुई हैं।’ उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान की अयोध्या की तुलना में आज की अयोध्या काफी बदल गई है। आज अयोध्या में बहुत ज्यादा उत्साह नजर आता है। दरअसल, विष्णु मनोहर खुद राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े रहे। उन्होंने अयोध्या की कारसेवा में हिस्सा लिया था। अब इस आयोजन के जरिए राम जन्मभूमि ट्रस्ट के नाम विश्व रिकॉर्ड दर्ज करने की तैयारी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.