खराब मौसम के चलते लखनऊ में नहीं उतर सका दोनों डिप्टी सीएम का विमान, तीन नाकाम कोशिशों के बाद फ्लाइट भोपाल डायवर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत आसपास के कई जिलों में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी और बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। दिल्ली से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को लगातार तीन बार लैंडिंग की कोशिश के बावजूद एयरपोर्ट पर उतारा नहीं जा सका, जिसके बाद विमान को भोपाल डायवर्ट करना पड़ा।
इस फ्लाइट में उत्तर प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी सवार थे। दोनों नेता सुरक्षित रूप से भोपाल एयरपोर्ट पर उतर गए।
तीन बार लैंडिंग की कोशिश नाकाम
जानकारी के मुताबिक सोमवार को दोनों डिप्टी सीएम दिल्ली से लखनऊ लौट रहे थे। वे इंडिगो की फ्लाइट 6E-6476 में सवार थे। इसी दौरान लखनऊ में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई।
पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान उतारने के लिए तीन बार प्रयास किया, लेकिन मौसम की खराब स्थिति के चलते लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। आखिरकार सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट कर दिया गया।
आंधी-बारिश से लखनऊ में बिगड़े हालात
लखनऊ में सुबह करीब 8 बजकर 20 मिनट पर अचानक घने बादल छा गए। कई इलाकों में अंधेरा जैसा माहौल हो गया और थोड़ी ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रहा।
बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सुल्तानपुर रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया, जबकि कई नाले उफान पर नजर आए। तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग ने आने वाले घंटों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दोपहर में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।
दिल्ली के खराब मौसम का असर लखनऊ एयरपोर्ट पर भी पड़ा
इधर नई दिल्ली में रविवार और सोमवार की रात खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के चलते हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान दिल्ली जाने वाली 15 उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
डाइवर्ट की गई उड़ानों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की फ्लाइटें शामिल थीं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में काठमांडू, मस्कट और फुकेट से आने वाले विमान शामिल रहे।
वहीं घरेलू उड़ानों में जयपुर से सबसे ज्यादा चार विमान लखनऊ भेजे गए। इसके अलावा हैदराबाद, मुंबई, गुवाहाटी, कोयंबटूर, औरंगाबाद और बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइटों को भी लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
बाद में दिल्ली में मौसम सामान्य होने पर इन विमानों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।