टाटा ग्रुप की कंपनी पर 1600 करोड़ रुपये का जुर्माना, गंभीर आरोप पर कोर्ट का कड़ा फैसला

0 456

नई दिल्ली: टाटा ग्रुप और देश की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) पर 194.2 मिलियन डॉलर यानी 1,622 करोड़ रुपये का जुर्माना लगा है. अमेरिका की एक अदालत ने टीसीएस पर यह भारी-भरकम जुर्माना लगाया है. कंपनी ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को दी फाइलिंग में इस बात की जानकारी दी. कंपनी ने बताया कि नॉदर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ टेक्सास के यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने यह जुर्माना लगाया है. हालांकि, TCS ने कहा कि उसके पास अमेरिकी कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ मजबूत तर्क हैं इसलिए वह इस फैसले के खिलाफ अपील करने की योजना बना रही है. कंपनी ने उम्मीद जताई है कि रिव्यू पीटिशन के बाद फैसला उसके पक्ष में आएगा.

अमेरिका में नॉदर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ टेक्सास के यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज पर 1600 करोड़ रुपये का जुर्माना ट्रेड सीक्रेट का दुरुपयोग करने को लेकर लगाया है. दरअसल यह मामला कंप्यूटर साइंसेज कॉर्पोरेशन (CSC) से जुड़ा हुआ है, जिसका डीएक्ससी टेक्नोलॉजी में मर्जर हो चुका है. सीएससी ने TCS के खिलाफ ट्रेड सीक्रेट के दुरुपयोग का आरोप लगाया था.

TCS पर लगे इस जुर्माने में कम्पनसेटरी डैमेज का 56.15 मिलियन डॉलर, 11.23 मिलियन डॉलर का एक्जेम्पलरी डैमेज और 25.77 मिलियन डॉलर का प्रीजजमेंट इंटरेस्ट शामिल है. हालांकि, TCS का कहना है कि अमेरिकी कोर्ट के इस फैसले से उसकी आर्थिक स्थिति पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा. बता दें कि बाजार पूंजीकरण के लिहाज से टीसीएस, भारत की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है.

इसके अलावा, टीसीएस प्राइवेट सेक्टर में देश में सबसे ज्यादा लोगों को रोजगार देने वाली कंपनी है. टीसीएस में कर्मचारियों की संख्या 6 लाख से ज्यादा है. टीसीएस का मार्केट कैप 13.87 ट्रिलियन डॉलर यानी 13.87 लाख करोड़ रुपये है. शुक्रवार को कंपनी के शेयर एक फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए थे.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.