भारत में लंपी से 1.55 लाख से अधिक मवेशियों की मौत, 22 राज्यों में फैल चुका है रोग

0 310

नयी दिल्ली. सरकार ने शु्क्रवार को बताया कि देश के 22 राज्यों में पशुओं को लंपी त्वचा रोग होने की सूचना मिली है। मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, गोवा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, बिहार, तमिलनाडु, झारखंड, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में पशुओं को लंपी रोग होने की सूचना मिली है।

उन्होंने यह भी बताया कि लंपी रोग से बचाव के लिए केंद्र सरकार की ओर से टीकाकरण और उपचार संबंधी परामर्श जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित राज्यों में लंपी रोग के लिए नियंत्रण कार्यक्रम और टीकाकरण चल रहा है। रूपाला के अनुसार, लंपी रोग की रोकथाम और नियंत्रण के लिए राज्यों को आवश्यक मदद दी जा रही है जिसमें तकनीकी और वित्तीय सहायता शामिल है।

संसद के चल रहे शीतकालीन सत्र में सरकार ने जानकारी दी कि देश में लंपी के कारण 1.55 लाख से अधिक मवेशियों की मौत हो गई। नवीनतम 20वीं पशुधन गणना के अनुसार, देश में मवेशियों की संख्या लगभग 19.34 करोड़ है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.