भारतीय हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार ने खेल सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार, कहा-प्रदेश में खेलों का हुआ कायाकल्प

0 142

लखनऊ। भारतीय टीम के प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय ने प्रदेश में खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि बीते कई दशकों में उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों को ऐसी सुविधाएं नहीं मिली थीं। अब खेल के मैदान से लेकर खिलाड़ियों की डाइट, उनके आवागमन और प्रशिक्षण की जो व्यवस्था मुख्यमंत्री ने की है, उसी का परिणाम है कि प्रदेश में अब ज्यादा खिलाड़ी निकलकर सामने आ रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा मेडल्स जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ललित की तरह ही 36वें राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा लेने जा रहे अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि वो राष्ट्रीय खेलों में पहले से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

खेलों का हुआ कायाकल्प
वाराणसी से ताल्लुक रखने वाले ललित उपाध्याय ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रदेश में खेल सुविधाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पहले हम हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों की बात करते थे कि वहां बहुत सुविधाएं मिलती हैं। लेकिन अब समय बदल गया है। जिस तरह उत्तर प्रदेश में ओलंपिक के बाद खिलाड़ियों का भव्य सम्मान समारोह किया गया और उन्हें धनराशि प्रदान की गई, हम गौरव से कह सकते हैं कि किसी राज्य में ऐसा नहीं हो सकता। अब हम गर्व से कह सकते हैं कि हम उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं। मेरे 14-15 साल का अनुभव ये कहता है कि अब उत्तर प्रदेश में खेलों का कायाकल्प हो गया है। यहां खेल सुविधाओं से प्रत्येक खिलाड़ी संतुष्ट है। इसके लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करना चाहूंगा। उन्होंने जूनियर से लेकर सीनियर तक प्रत्येक खिलाड़ी के लिए सुविधाओं और सम्मान प्रदान करने का काम किया है। यह खिलाड़ियों को अधिक से अधिक मेडल लाने के लिए प्रेरित कर रहा है। इससे सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि सभी खेल लाभान्वित हो रहे हैं।

बेहतर प्रदर्शन का भरोसा
जूडो प्लेयर रोहन विश्नोई ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जिस तरह की सुविधाएं खिलाड़ियों और कोच को मिल रही हैं, आने वाले समय में प्रदेश खेलों का सुपर पावर बनकर उभरेगा। इस समय सरकार के प्रयासों से हमें फिटनेस से लेकर कौशल तक का प्रशिक्षण मिल पा रहा है, जिससे खेल में कई गुना ज्यादा निखार आया है। निश्चित तौर पर इसका असर राष्ट्रीय खेलों में हमारे प्रदर्शन में देखने को मिलेगा। प्रीति दुबे, राजकुमार पाल और सूरज कुमार समेत अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रदेश सरकार की योजनाओं और सुविधाओं पर खुशी जाहिर करते हुए बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया।

सरकार जो कहती है, वो करती है
उत्तर प्रदेश हॉकी टीम के कोच रजनीश मिश्रा ने कहा कि पिछले साढ़े 5 वर्षों से प्रदेश में निरंतर खेलों का विकास हो रहा है। यह अभूतपूर्व विकास है। योगी सरकार ने जो विकास किया है, वो पहले की किसी सरकार ने नहीं किया था। ये सरकार जो घोषणाएं करती है, उन्हें पूरा भी कर रही है। हॉकी में आज 25 एस्ट्रो टर्फ हो गई हैं। कोचेस के लिए डेढ़ लाख का कार्यक्रम सरकार लेकर आई है, जो किसी भी राज्य में नहीं है। सरकार जब इतनी सारी सुविधाएं दे रही है तो निश्चित तौर पर आने वाले वर्षों में प्रदेश एक खेल शक्ति बनकर सामने आएगा। हॉकी टीम के मैनेजर पॉल देवेंद्र ने भी प्रदेश में सभी तरह के खेलों में हो रही प्रगति के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों को क्रेडिट दिया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.