टेकऑफ के दौरान रनवे से टकराई विमान की पूंछ, 2 घंटे आसमान में उड़ता रहा बोइंग 787; म्यूनिख एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा
म्यूनिख: जर्मनी के म्यूनिख एयरपोर्ट पर 15 अगस्त को वियतनाम एयरलाइंस के बोइंग 787 विमान के साथ बड़ा हादसा होते-होते बच गया। हनोई जा रही फ्लाइट VN-34 के टेकऑफ के दौरान विमान की पूंछ रनवे से टकरा गई। इसके बाद विमान करीब दो घंटे तक म्यूनिख के ऊपर चक्कर लगाता रहा और ईंधन कम करने के बाद सुरक्षित एयरपोर्ट लौट आया। घटना में विमान को नुकसान पहुंचा, लेकिन उसमें सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे।
करीब 2 घंटे तक आसमान में चक्कर लगाता रहा विमान
टेकऑफ के दौरान टेल-स्ट्राइक होने के बाद विमान करीब 9,000 फीट की ऊंचाई पर म्यूनिख के ऊपर लगभग दो घंटे तक उड़ता रहा। इस दौरान विमान से हवा में ही ईंधन गिराया गया, ताकि उसका वजन कम किया जा सके और सुरक्षित लैंडिंग की जा सके। इसके बाद विमान वापस म्यूनिख इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा।
टेल-स्ट्राइक की वजह से विमान के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का फैसला किया गया।
271 यात्री और 16 क्रू मेंबर थे सवार
वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN-34 ने 15 अगस्त को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 1:45 बजे म्यूनिख से हनोई के लिए उड़ान भरी थी। विमान में 271 यात्री और 16 क्रू मेंबर मौजूद थे। वियतनाम के सरकारी मीडिया के मुताबिक, सभी लोग सुरक्षित हैं।
शुरुआत में वियतनाम एयरलाइंस ने विमान के वापस लौटने की वजह तकनीकी खराबी बताई थी। बाद में सामने आया कि टेकऑफ के दौरान विमान की पूंछ रनवे से टकराई थी।
टेकऑफ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के बाद विमान के टेकऑफ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में विमान रनवे पर तेजी से आगे बढ़ता दिखाई देता है। इसी दौरान तेज आवाज सुनाई देती है और विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराता नजर आता है। विमान के ऊपर उठते समय उसके पीछे धूल का बड़ा गुबार भी दिखाई देता है।
म्यूनिख एयरपोर्ट का नॉर्थ रनवे किया गया बंद
घटना के बाद म्यूनिख एयरपोर्ट प्रशासन ने नॉर्थ रनवे को बंद कर दिया था। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया था कि रनवे बंद होने के कारण हवाई यातायात में कुछ देरी हो सकती है। विमान ने उड़ान साउथ रनवे से भरी थी, जबकि आपात स्थिति के बाद उसकी लैंडिंग नॉर्थ रनवे पर कराई गई। इसके बाद सुरक्षा कारणों से नॉर्थ रनवे को बंद कर दिया गया।