राजस्थान में बेटियों की नीलामी मामले पर एनसीपीसीआर आज जाएगी भीलवाड़ा

0 367

नई दिल्ली: राजस्थान में स्टाम्प पेपर पर लड़कियों की नीलामी की खबरें सामने आने के बाद आज राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) जांच के लिए भीलवाड़ा का दौरा करेगा। आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो के नेतृत्व में एक टीम गांव का दौरा करेगी और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेगी। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इस मामले के सामने आने के बाद संज्ञान लेते हुए पिछले दिनों भीलवाड़ा के कलेक्टर को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था। आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने बताया कि राजस्थान में सरकारी स्टाम्प पेपर पर लड़कियों की खरीद फरो़ख्त व तस्करी कर उनको देह व्यापार में धकेलने के मामले की जांच के लिए आज भीलवाड़ा का दौरा किया जा रहा है।

प्रियंक कानूनगो ने मामला सामने आने के बाद कहा था कि आयोग यह जानने की कोशिश करेगा कि इस गठजोड़ में कौन कौन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हम यह भी देखेंगे कि सांठगांठ पर प्रतिबंध लगे और आरोपियों को दंडित किया जाए। प्रियंक कानूनगो ने ये भी कहा था कि यह स्पष्ट है कि इसमें सरकारी अधिकारी और राजनेता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और प्रशासनिक समर्थन के बिना इस तरह संगठित तरीके से बाल तस्करी नहीं हो सकती।

गौरतलब है कि 26 अक्टूबर को मीडिया रिपोर्ट में सीरिया और इराक में लड़कियों को गुलाम बनाने जैसी प्रथा के मामले को उजागर करते हुए बताया गया था कि राजस्थान में जाति पंचायतें कथित तौर इस तरह के अपराध को अंजाम दे रही हैं, इसमें बेटियों की नीलामी स्टाम्प पेपर पर की जा रही है और उन्हें देह व्यापार में धकेला जा रहा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.