गौतमबुद्धनगर में खुलेगा नया बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर, एफपीओ और उद्यमियों से मांगे आवेदन; एक सप्ताह में करना होगा आवेदन
गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (NMNF) के तहत जनपद में एक नए बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर (BRC) की स्थापना की जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जिले में एक BRC स्थापित किया जाना है। इसके लिए एफपीओ, उद्यमी और अन्य संस्थाएं आवेदन कर सकती हैं।
उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर विवेक दुबे ने बताया कि प्राकृतिक खेती को सफलतापूर्वक अपनाने के लिए पशु और पौधे आधारित प्राकृतिक खेती के जैव इनपुट तैयार करने के लिए पशुधन और पौधों तक पहुंच जरूरी है। इसी उद्देश्य से NMNF क्लस्टरों में प्राकृतिक खेती के जैव इनपुट का स्थानीय स्तर पर उत्पादन और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उद्यम मॉडल के तहत BRC की स्थापना की जाएगी।
इन जैविक मिश्रणों को तैयार किया जाएगा
चयनित बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर में घनजीवामृत, जीवामृत, बीजामृत और दशपर्णी समेत अन्य जैविक मिश्रण तैयार किए जाएंगे। इनकी गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संबंधित BRC को अपने केंद्र पर स्टोरेज कैन, रैक, रेफ्रिजरेटर, गाय का मूत्र एकत्र करने के लिए संयंत्र या पात्र, किंडवन चेम्बर और रख-रखाव के लिए बड़े स्टोरेज की सुविधा विकसित करनी होगी।
इसके अलावा केंद्र संचालक क्लस्टर में शामिल किसानों अथवा प्राकृतिक खेती अपनाने के इच्छुक किसानों को जैविक मिश्रणों के प्रयोग की विधि के संबंध में जरूरत के अनुसार सहयोग भी उपलब्ध कराएगा।
प्राकृतिक खेती का अनुभव होना जरूरी
बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर के चयन के लिए आवेदक उद्यमी, समूह या संस्था का प्राकृतिक खेती से जुड़ा होना जरूरी है। आवेदक स्वयं प्राकृतिक खेती करने वाला किसान होना चाहिए या उसके सदस्यों को प्राकृतिक खेती का पूर्व अनुभव होना आवश्यक है।
एक सप्ताह के भीतर करना होगा आवेदन
उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी एफपीओ, उद्यमियों और अन्य संस्थाओं से निर्धारित चयन मानदंड के अनुसार आवेदन करने की अपील की है। इच्छुक आवेदकों को अपना आवेदन उप कृषि निदेशक, गौतमबुद्धनगर के कार्यालय में एक सप्ताह के भीतर किसी भी कार्यदिवस पर प्रस्तुत करना होगा।
प्राप्त आवेदनों के आधार पर चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद चयनित संस्था या उद्यमी को राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर के रूप में स्थापित किया जाएगा।